दिल्ली पुलिस की उत्तर-पश्चिम जिला इकाई की एंटी नारकोटिक्स सेल ने हैदरपुर मेट्रो स्टेशन के पास एक करोड़ रुपये कीमत की हेरोइन के साथ पति-पत्नी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। डीसीपी आकांक्षा यादव के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में आरोपियों के कब्जे से 283.61 ग्राम हेरोइन (स्मैक) बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब एक करोड़ रुपये आंकी गई है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक टीवीएस मोटरसाइकिल भी जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, 18 नवंबर को गुप्त सूचना के आधार पर एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम ने हैदरपुर विलेज मेट्रो स्टेशन के पास आउटर रिंग रोड पर जाल बिछाया। दोपहर करीब 2:35 बजे मौके पर पहुंचे तीन संदिग्धों को टीम ने दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों में चिरंजी लाल उर्फ मनीष (29), उसकी पत्नी इशिका (22) और अरमान उर्फ अमन (18) शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, अरमान कथित तौर पर नशे की खेप लेने पहुंचा था।
तलाशी के दौरान पुलिस को हेरोइन और काली रंग की टीवीएस मोटरसाइकिल मिली। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार तीनों आरोपियों का पूर्व में कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है। इस मामले में मौर्या एन्क्लेव थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। इंस्पेक्टर शोमिल शर्मा की टीम ने तीनों को गिरफ्तार किया।
पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर नशे की खेप के मुख्य सप्लायर, वितरण नेटवर्क और इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाने में जुटी है।
