जोधपुर में चार साल लिव-इन में रहने और मंदिर में शादी के बाद एक युवक ने छठ पर घर लौटकर दूसरी शादी कर ली। पहली पत्नी के मुजफ्फरपुर पहुंचने पर पुलिस ने हस्तक्षेप किया और दोनों पक्षों को बंधपत्र पर रिहा किया।
मुजफ्फरपुर के नगर थाना क्षेत्र में एक युवक के दो विवाह का मामला सामने आया है। वैशाली जिले के पातेपुर निवासी युवक जोधपुर में रेलवे की बेडशीट और चादरों की धुलाई करने वाली एक निजी ड्राईक्लीनिंग एजेंसी में सुपरवाइजर के रूप में काम करता है। वहीं उसकी मुलाकात बनारस की एक युवती से हुई और दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गया। मंदिर में शादी के बाद दोनों करीब चार साल से जोधपुर में साथ रह रहे थे।
छठ पर्व पर युवक घर लौटा, जहां उसने 25 नवंबर को दूसरी शादी कर ली। इसकी जानकारी जोधपुर में रह रही पहली पत्नी को मिली, जिसके बाद वह मुजफ्फरपुर पहुंच गई। शादी का माहौल होने के कारण युवक उसे स्टेशन रोड इलाके के एक होटल में ठहराने के बहाने साथ लेकर आया और बाद में उसे रेलवे स्टेशन ले जाने लगा।
युवक की गतिविधियों पर युवती को शक हुआ और उसने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम दोनों को नगर थाना ले आई, जहां युवक के स्वजन भी पहुंच गए। पुलिस ने दोनों के बालिग होने और स्वजन की मौजूदगी में बंधपत्र बनवाया और इसके बाद दोनों को मुक्त कर दिया गया।
