कन्नौज और जालौन में पुलिस टीमों पर हुए हमलों में एक दारोगा और तीन सिपाही घायल हो गए। पुलिस ने दोनों मामलों में कुल 14 आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। दो हमलावरों को हिरासत में लिया गया है और एक ट्रैक्टर व एक बाइक जब्त की गई है। उधर, उन्नाव की मगरवारा चौकी परिसर में दो पक्षों के बीच मारपीट का मामला भी सामने आया है।
कन्नौज में समधन के आजाद नगर निवासी जाने आलम ने बुधवार रात पुलिस को सूचना दी थी कि गर्दाबाद निवासी उरूज उर्फ करिया ने रंजिश के चलते उन पर हमला कर तमंचे से फायरिंग की है। कोतवाली प्रभारी ध्यानेंद्र प्रताप सिंह ने रात में दबिश दी, लेकिन वह घर में नहीं मिला। गुरुवार दोपहर करीब एक बजे समधन चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक सूर्यप्रकाश उपाध्याय, सिपाही सत्यप्रकाश और आदेश कुमार ने उसके घर पर दबिश दी, जहां ताला लगा मिला। पूछताछ के दौरान उरूज के स्वजन और पड़ोस में रहने वाले रिश्तेदारों ने पुलिस टीम से अभद्रता शुरू कर दी और हमला बोल दिया। आरोप है कि हमलावरों ने दारोगा व सिपाहियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा और दारोगा का गला दबाया। पुलिसकर्मियों ने भागकर किसी तरह जान बचाई। एसपी विनोद कुमार के मुताबिक घटनास्थल पर पीएसी तैनात की गई है और सात आरोपियों पर मुकदमा दर्ज किया गया है।
जालौन के उरई सदर कोतवाली क्षेत्र में राठ रोड पर बुधवार रात करीब 10 बजे कार और बाइक में टक्कर हो गई। इसके बाद बाइक सवारों ने अपने कुछ साथियों को बुला लिया और कार सवारों के साथ मारपीट की। ट्रैफिक सिपाही हेम सिंह चाहर वहां पहुंचे और मामला शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की, उनका मोबाइल तोड़ दिया और वर्दी फाड़ दी। सीओ सिटी राजेश कमल के अनुसार ट्रैफिक सिपाही की तहरीर पर सदर कोतवाली में सात लोगों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने, पुलिस की छवि धूमिल करने और मारपीट के आरोप में बउआ, राहुल, कृष्णा, झूरीलाल, आदित्य सिंह, शंकर और अन्नू के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है।
उन्नाव की मगरवारा चौकी में पुलिस की मौजूदगी न होने के कारण बुधवार रात परिसर में दो पक्षों ने मारपीट शुरू कर दी। शिकायत लेकर पहुंचे एक पक्ष को दूसरे पक्ष ने लात-घूंसों और ईंट से पीटा। करीब 30 मिनट तक हंगामा चला और किसी ने इसका वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर प्रचलित कर दिया। यूपी-112 की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। मगरवारा निवासी प्रज्ञा सिंह की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी लकी सिंह और रिवांशु सिंह को जेल भेजा गया है। चर्चा है कि सदर कोतवाली के हनुमान मंदिर का बुधवार को जीर्णोद्धार हुआ था और उसके भंडारे का प्रसाद लेने पुलिसकर्मी चौकी छोड़कर गए थे, तभी यह घटना हुई।
