राजगढ़ के पाटन गांव में रिटायर्ड आर्मीमैन बबलू सिंह चौहान ने अपने बेटे प्रशांत सिंह की बारात हेलीकॉप्टर से निकाली। बेटे की शादी 26 नवंबर को ब्यावरा तहसील के आलमपुरा गांव में तय हुई थी। दूल्हा-दुल्हन ने विदाई के बाद भी हेलीकॉप्टर से सफर किया। इस आयोजन के जरिए बबलू सिंह ने अपने माता-पिता की वर्षों पुरानी हवाई यात्रा की इच्छा पूरी की।
राजगढ़ के पास स्थित पाटन गांव निवासी रिटायर्ड आर्मीमैन बबलू सिंह चौहान के बेटे प्रशांत सिंह की शादी ब्यावरा तहसील के आलमपुरा गांव में तय हुई थी। दुल्हन रवीना, आलमपुरा निवासी बनेसिंह पंवार बापची की बेटी हैं। बनेसिंह पंवार कृषि उपज मंडी के उपाध्यक्ष और पूर्व सरपंच भी हैं। शादी के लिए 26 नवंबर का दिन निर्धारित किया गया था।
बबलू सिंह चौहान सेना में नौकरी के दौरान कई बार हेलीकॉप्टर से सफर कर चुके थे, लेकिन उनके माता-पिता ने कभी हवाई यात्रा नहीं की थी। उनकी यह इच्छा बेटे की शादी के मौके पर पूरी हुई। तय कार्यक्रम के अनुसार हेलीकॉप्टर पहले पाटन गांव पहुंचा। यहां से दूल्हा प्रशांत सिंह, उनके पिता बबलू सिंह, दादा कृष्णा सिंह चौहान, मामा प्रहलाद सिंह और ताऊ के बेटे प्रताप सिंह हेलीकॉप्टर में सवार हुए। इसके बाद हेलीकॉप्टर बारात लेकर आलमपुरा के लिए रवाना हुआ, जहां शादी के लिए बनाए गए हेलीपैड पर इसकी लैंडिंग हुई। गांव में हेलीकॉप्टर से बारात पहुंचने की खबर फैलते ही यह शादी लोगों के आकर्षण का केंद्र बन गई।
आलमपुरा में बारात के स्वागत के लिए खास इंतजाम किए गए थे और दुल्हन पक्ष की ओर से हजारों मेहमानों के भोजन की व्यवस्था की गई थी। वरमाला समेत विवाह की रस्में पूरी करने के बाद शाम होने से पहले दुल्हन रवीना की विदाई हुई। इस बार भी दूल्हा-दुल्हन ने सड़क के बजाय हेलीकॉप्टर से अपने गांव लौटने का सफर चुना और परिवार के सदस्य भी उनके साथ रवाना हुए। बारात के पाटन लौटने के बाद बबलू सिंह चौहान ने अपनी माताजी को भी हेलीकॉप्टर में बैठाकर कुछ समय तक हवाई सफर कराया। इस तरह बेटे की शादी यादगार बनने के साथ माता-पिता की अधूरी हवाई यात्रा की हसरत भी पूरी हो गई।
