चेन्नई के थिरुवनमियूर स्थित रामचंद्र कन्वेंशन सभागार में स्वामी अभिषेक ब्रह्मचारी के मार्गदर्शन में 70वां श्री विद्या कोटि कुमकुमार्चन महायज्ञ संपन्न हुआ। यह महायज्ञ देश की प्रगति, विश्व शांति और गरीब कल्याण के ध्येय से आयोजित किया गया।
वाराणसी से आए विद्वान पुरोहितों और आचार्यों द्वारा श्री ललिता सहस्त्रनाम के मंत्रों का एक करोड़ बार पाठ किया गया और कुमकुम से अर्चन हुआ। हजारों सुहासिनी महिलाओं और श्रद्धालुओं ने स्वामी अभिषेक ब्रह्मचारी के संरक्षण में इस महायज्ञ में भाग लिया।
स्वामी अभिषेक ब्रह्मचारी ने कहा कि वे माता ललिता से भारत माता के वैभव की वृद्धि के लिए प्रार्थना करते हैं। उन्होंने कहा कि व्यक्ति नहीं, राष्ट्र प्रथम है और सबका साथ सनातन में सुनिश्चित है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र कल्याण के महायज्ञ में युवा वर्ग को वरिष्ठ लोगों के साथ मिलकर काम करना चाहिए और माता ललिता का महायज्ञ देश के हर गांव में हो, इसका प्रयास किया जा रहा है।
स्वामी अभिषेक ब्रह्मचारी ने कहा कि समाज के निर्बल वर्ग को मुख्यधारा में लाने के लिए सबल वर्ग को धर्म पथ पर रहते हुए सहयोग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि संत समाज को केरल और तमिलनाडु में विशेष रूप से काम करना चाहिए। इस अवसर पर सतीश रामकृष्णन, अजय रेड्डी, रोहित कुमार सिंह, राजीव मेहता आदि उपस्थित रहे।
