सुप्रीम कोर्ट शुक्रवार को इटली के नेता जियोकोमो फिलिबेक के 'वोट चोर, गद्दी छोड़' नारा लगाने के मामले में सुनवाई करेगा। दायर याचिका में सोशल मीडिया से इस वीडियो को हटाने की मांग की गई है। याचिका में यह भी कहा गया है कि कांग्रेस की भारत समिट में विदेशी प्रतिनिधियों को दी गई अनुमति और उनके वीजा की जांच के लिए सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में एक SIT बनाई जाए।
कांग्रेस ने हैदराबाद में 13 और 14 नवंबर को भारत समिट बुलाई थी, जिसमें 70 देशों के लोग शामिल हुए थे। राहुल गांधी समिट के दूसरे दिन यानी 14 नवंबर को इसमें शामिल हुए थे। फिलिबेक ने भी इसी दिन अपने भाषण में 'वोट चोर, गद्दी छोड़' का नारा लगाया था। फिलिबेक यूरोपियन सोशलिस्ट पार्टी (PES) के महासचिव हैं। उन्होंने अपने भाषण में राहुल गांधी की तारीफ की और वोटर लिस्ट में गड़बड़ी के खिलाफ उनके अभियान का समर्थन किया। उन्होंने कहा था कि राहुल गांधी ने 'एक व्यक्ति, एक वोट' के अधिकार की रक्षा की है।
फिलिबेक ने जैसे ही मंच से 'वोट चोर, गद्दी छोड़' कहा, इस दौरान राहुल गांधी हंसते दिखे। इस पर केंद्रीय संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू ने राहुल का नाम लिए बिना तंज कसा। रिजिजू ने X पर लिखा- 'जब कोई विदेशी भारत का अपमान कर रहा हो तो आपने किसी को हंसते देखा है? मैं यह नहीं पूछ रहा कि कौन-सा भारतीय विदेश जाकर भारत का अपमान करता है।'
भाजपा ने फिलिबेक के बयान की आलोचना की है। भाजपा राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि आखिर कांग्रेस ऐसे लोगों को अपने राजनीतिक मंच पर क्यों जगह दे रही है, जिनके तार जॉर्ज सोरोस समर्थित 'ओपन सोसायटी' नेटवर्क और एमनेस्टी इंटरनेशनल से जुड़े हैं। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री बंदी संजय कुमार ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने विदेशी प्रतिनिधियों के सामने देश के आंतरिक राजनीतिक मुद्दे उठाकर भारत का अपमान किया है।
