बांग्लादेश में जारी हिंसा के बीच प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने बिना कोई नाम लिए भारत पर निशाना साधा है। डेली स्टार के अनुसार, गुरुवार को उन्होंने कहा कि अब बहुत हो गया और आतंकवादियों, हत्या करने वालों तथा आग लगाने वालों को जवाब देना होगा। रहमान के आरोप हैं कि एक समूह ने देश के खिलाफ साजिश शुरू कर दी है और सीमा पार करके जिस देश में वे भागे हैं, वहीं उनके आका रहते हैं। उन्होंने कहा कि वे अपने आकाओं को खुश करने के लिए साजिश कर रहे हैं। हालांकि, उन्होंने किसी का नाम नहीं लिया।

रहमान ने मंगलवार को कहा था कि 2024 के संघर्ष में जो दल साथ थे, उन सभी को एक हो जाना चाहिए। उन्होंने 2024 की भावना के साथ एकजुट होने और सुनिश्चित करने की बात कही थी कि निरंकुश ताकतों की हार हो। आवामी लीग पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की पार्टी है, जो 2024 की हिंसा के बाद बांग्लादेश छोड़कर भारत आ गई थीं। आवामी लीग ने मुल्क में बंद बुलाया है, जिसके बाद कई क्षेत्रों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश की 96 टुकड़ियां, जिनमें 3 हजार जवान हैं, तैनात की गई हैं। गृह मंत्रालय के अधिकारियों के मुताबिक, ये टुकड़ियां ढाका, चटगांव, नारायणगंज, गाजीपुर, गोपालगंज, मैमनसिंह और फरीदपुर के संवेदनशील इलाकों में पुलिस की मदद के लिए भेजी गई हैं।

ये घटनाक्रम ऐसे समय हो रहे हैं जब पूर्व पीएम शेख हसीना बांग्लादेश लौटने की तैयारी कर रही हैं। उन्होंने दिसंबर में मुल्क वापसी के संकेत दिए थे। उनके खिलाफ बांग्लादेश में कई मुकदमे चल रहे हैं और अदालत ने मौत की सजा भी सुनाई है। फिलहाल उनकी वापसी की तारीख तय नहीं है और भारत की तरफ से भी इस पर औपचारिक बयान नहीं आया है। एक दिन पहले बांग्लादेश के पूर्व मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस के ठिकानों पर हमले किए गए थे। चटगांव के पांचलाइस इलाके में उनके घर को आग लगा दी गई थी। पुलिस अधिकारियों ने बताया था कि इस हमले में उनके परिवार के सदस्य सुरक्षित हैं। उनके स्थापित ग्रामीण बैंक की कई शाखाओं पर भी हमले हुए।

नागरिक विमानन अधिकारियों ने बताया कि कई स्थानों पर तोड़फोड़, आगजनी और देसी बम विस्फोट की घटनाओं के बाद सभी हवाई अड्डों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, हिंसा की ताजा घटनाएं हसीना की दिसंबर में किसी भी कीमत पर स्वदेश लौटने की घोषणा के बाद शुरू हुईं। इसकी शुरुआत उनके गृहनगर तुंगिपारा में हुई, जहां दर्जनों युवाओं की गिरफ्तारी के बाद तनाव फैल गया था।