लखीमपुर में 22 नवंबर को ब्लैकआउट और हवाई हमले की चेतावनी (एयर रेड) को लेकर व्यापक मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। जिला प्रशासन का उद्देश्य इस अभ्यास के जरिए आपात स्थिति में अपनी मुस्तैदी और राहत-बचाव व्यवस्थाओं की तैयारियों का परीक्षण करना है। डीएम अंजनी कुमार सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागर में हुई बैठक में अधिकारियों को शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने और विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए। बैठक का संचालन एसडीएम एवं प्रभारी अधिकारी नागरिक सुरक्षा कोर तनवीर अहमद ने किया।

शाम छह बजे मेमोरियल मैदान में प्रस्तावित इस अभ्यास में हवाई हमले की चेतावनी से लेकर अंधेरा करने, राहत-बचाव कार्य और घायलों को अस्पताल पहुंचाने तक की प्रक्रिया का अभ्यास किया जाएगा। डीएम ने स्पष्ट किया कि यह अभ्यास किसी वास्तविक आपात स्थिति का संकेत नहीं, बल्कि संभावित संकट से निपटने की तैयारियों को परखने का माध्यम है। इसके जरिए सुरक्षा एजेंसियों की त्वरित प्रतिक्रिया, संचार व्यवस्था, संसाधनों की उपलब्धता और विभागीय तालमेल की भी जांच होगी। साथ ही आमजन को ब्लैकआउट की प्रक्रिया और आपात स्थिति में बरती जाने वाली सावधानियों के प्रति जागरूक किया जाएगा।

अभ्यास में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पीएसी, एसएसबी, पुलिस, सेना, अग्निशमन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें शामिल होंगी। इसके अलावा होमगार्ड, प्रांतीय रक्षक दल, एनसीसी, एनएसएस, नेहरू युवा केंद्र, भारत स्काउट एंड गाइड, आपदा मित्र और स्वयंसेवी संगठनों की सहभागिता रहेगी।

डीएम ने कहा कि ऐसे अभ्यास से व्यवस्था की कमियों को चिह्नित कर उन्हें दूर करने में मदद मिलेगी। आपात परिस्थितियों में जनहानि कम करने के लिए प्रशासनिक तत्परता के साथ आमजन की जागरूकता भी जरूरी है।