इंजीनियरिंग में दाखिले से जुड़ी परीक्षा जेईई मेन (संयुक्त प्रवेश परीक्षा-मुख्य) के लिए चल रही आवेदन प्रक्रिया के बीच नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने उन करीब ढाई लाख छात्रों को चेताया है, जिन्होंने परीक्षा के लिए रजिस्ट्रेशन तो करा लिया है, लेकिन अब तक आवेदन की प्रक्रिया पूरी नहीं की और न ही फीस जमा की है। एनटीए के अनुसार, ऐसे सभी छात्र 22 नवंबर की अंतिम तारीख से पहले अपना आवेदन पूरी तरह भरें, फीस जमा करें और कंफर्मेंशन स्लिप हासिल करें, अन्यथा उनके आवेदन मान्य नहीं होंगे और उन्हें परीक्षा में बैठने का मौका नहीं मिलेगा।

एनटीए की यह चिंता ऐसे समय सामने आई है, जब आवेदन की अंतिम तारीख में सिर्फ दो दिन बचे हैं। अब तक करीब 12.50 लाख छात्रों ने परीक्षा में शामिल होने के लिए रजिस्ट्रेशन कराया है, लेकिन इनमें से केवल दस लाख छात्रों ने ही आवेदन प्रक्रिया पूरी की है और फीस चुकाने के साथ कंफर्मेंशन स्लिप भी हासिल की है। एनटीए को उम्मीद है कि अंतिम दो दिनों में बड़ी संख्या में छात्र और आवेदन करेंगे। गौरतलब है कि जेईई मेन के पहले सत्र के लिए 2025 में करीब 13.50 लाख छात्रों ने आवेदन किए थे, जिनमें से करीब 13 लाख परीक्षा में शामिल भी हुए थे। इस बार यह परीक्षा 20 से 28 जनवरी के बीच आयोजित होगी।

इस बीच एनटीए ने जेईई मेन में शामिल होने वाले छात्रों को परीक्षा पैटर्न में बदलाव को लेकर फैलाई जा रही अफवाहों के प्रति भी सतर्क किया है। एजेंसी ने कहा कि किसी तरह का कोई बदलाव नहीं होगा और छात्र इधर-उधर की खबरों के बजाय सीधे एनटीए की अधिकारिक जानकारी पर भरोसा करें। जिन छात्रों को पैटर्न समझना है, उनके लिए पिछले साल के सभी शिफ्टों के प्रश्न पत्र जेईई मेन पोर्टल पर अपलोड कर दिए गए हैं, जिनसे वे प्रैक्टिस कर पैटर्न को समझ सकते हैं।