पहलगाम आतंकी हमले में शामिल आतंकियों के पास से अमेरिकी कंपनी गोप्रो का कैमरा बरामद हुआ था। इस कैमरे के बारे में भारत ने चीन से जानकारी मांगी थी, लेकिन अब तक वहां से कोई जवाब नहीं आया है। NIA के डायरेक्टर जनरल राकेश अग्रवाल ने शुक्रवार को बताया कि जांच एजेंसी के पास मामले से जुड़े कुछ फॉरेंसिक सबूत हैं। गोप्रो कंपनी ने बताया था कि यह कैमरा चीन के एक अधिकृत डिस्ट्रीब्यूटर को भेजा गया था। NIA अब यह पता लगा रही है कि कैमरा वहां से पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के हैंडलर्स तक कैसे पहुंचा। जांचकर्ता इस मामले में पाकिस्तानी सेना की संभावित भूमिका की भी पड़ताल कर रहे हैं।
NIA ने गोप्रो कंपनी से कैमरे की सप्लाई के बारे में जानकारी मांगी थी। कंपनी ने बताया कि यह डिवाइस सबसे पहले चीन में उसके एक अधिकृत कमर्शियल डिस्ट्रीब्यूटर को भेजा गया था। इसके बाद जांच एजेंसी ने चीन से यह पता लगाने में मदद मांगी कि कैमरा वहां से आगे किसके पास पहुंचा। भारत और चीन के बीच आपसी कानूनी सहायता संधि (MLAT) नहीं है, इसलिए भारत ने यह अनुरोध कूटनीतिक माध्यमों से भेजा है। NIA यह भी जांच कर रही है कि कहीं पाकिस्तानी सेना ने ऐसे कैमरे खरीदकर आतंकी संगठनों को तो नहीं दिए थे।
जुलाई 2025 में डाचीगाम के जंगलों में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में तीन आतंकी मारे गए थे। ये वही आतंकी माने जाते हैं, जिन्हें 22 अप्रैल 2025 को पहलगाम के बैसरन मैदान में हुए हमले के लिए जिम्मेदार ठहराया गया था। इस हमले में ज्यादातर पर्यटकों समेत 26 लोगों की मौत हुई थी और 16 लोग घायल हुए थे। लोगों को उनकी धार्मिक पहचान के आधार पर निशाना बनाया गया था। बैसरन में हमले वाली जगह से कम से कम दो AK-47 राइफलें बरामद हुई थीं, जबकि डाचीगाम में मुठभेड़ के दौरान एक और AK-47 मिली थी। जांच में इन राइफलों के भी चीन में बने होने की बात सामने आई है।
NIA ने इस मामले में लश्कर-ए-तैयबा और छह लोगों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की है। इनमें मारे गए तीन आतंकी फैसल जट्ट उर्फ सुलेमान, हबीब ताहिर उर्फ छोटू और हमजा अफगानी शामिल हैं। इसके अलावा लश्कर का स्वयंभू कमांडर साजिद जट्ट उर्फ साजिद जुट भी आरोपी है। दो स्थानीय लोगों बशीर अहमद जोथट और परवेज अहमद पर आतंकियों को हमले से एक दिन पहले करीब पांच घंटे तक खाना और ठहरने की जगह देने का आरोप है। जांच एजेंसियों के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर में आतंकी संगठन अब हमलों की रिकॉर्डिंग के लिए शरीर पर पहने जाने वाले और टैक्टिकल कैमरों का इस्तेमाल बढ़ा रहे हैं। NIA का मानना है कि कैमरे की सप्लाई चेन का पता लगाने से उन नेटवर्कों की जानकारी मिल सकती है, जो सीमापार से आतंकियों तक पैसा, हथियार और दूसरे जरूरी उपकरण पहुंचाते हैं।
