ऑपरेशन सिंदूर के दौरान चीन के तीन सर्विलांस उपग्रहों द्वारा गुजरात तट के सैन्य और नागरिक ठिकानों की निगरानी किए जाने का दावा एक रिपोर्ट में सामने आया है। बेंगलुरु की स्पेस सर्विलांस कंपनी दिगंतरा के विश्लेषण के आधार पर यह दावा किया गया है।

रिपोर्ट के मुताबिक, 10 और 11 मई 2025 को चीन के तीन प्रमुख सर्विलांस उपग्रह निंग्शिया-14, गाओफेन-11 और याओगान-30 गुजरात तटरेखा के ठिकानों पर लगातार नजर बनाए हुए थे। ये उपग्रह इलेक्ट्रॉनिक सिग्नल पकड़ने, हाई-रिजॉल्यूशन तस्वीरें लेने और सैन्य व समुद्री गतिविधियों की खुफिया जानकारी जुटाने में सक्षम हैं। रिपोर्ट में कहा गया है कि इन उपग्रहों की निगरानी में भुज और नलिया के वायुसेना अड्डे, INS सरदार पटेल और INS द्वारका जैसे नौसैनिक प्रतिष्ठान तथा जामनगर की ऊर्जा परियोजनाएं शामिल थीं।

रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि जिस दिन भारत ने ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया, उसी दिन चीनी उपग्रह याओगान-43 01जी ने अपनी कक्षा बदली थी, ताकि भारतीय सैन्य ठिकानों पर अधिक समय तक निगरानी रखी जा सके। हालांकि, रिपोर्ट में इस बात का कोई प्रमाण नहीं मिला है कि चीन ने यह खुफिया डेटा सीधे पाकिस्तान के साथ साझा किया या नहीं।

पूर्व वायुसेना अधिकारी और एमपी-आईडीएसए के उप महानिदेशक अजय लेले के हवाले से रिपोर्ट में कहा गया है कि समुद्री संपत्तियों की आवाजाही का अंदाजा लगाने के लिए एक अच्छी उपग्रह तस्वीर ही काफी होती है। दिगंतरा की रिपोर्ट में यह आगाह भी किया गया है कि ऑपरेशन सिंदूर ने अंतरिक्ष आधारित लगातार निगरानी के प्रति भारत के महत्वपूर्ण सैन्य बुनियादी ढांचे की बढ़ती संवेदनशीलता को उजागर किया है।