कैरेबियाई देश डोमिनिका की एक अदालत ने कनाडाई टेक व्यापारी डैनियल लैंगलोइस और उनकी पार्टनर डोमिनिक मार्चंड की हत्या के मामले में दो अमेरिकी नागरिकों को दोहरी उम्रकैद की सजा सुनाई है। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक राजधानी रोसेउ की अदालत ने सोमवार को जोनाथन लेहरर और रॉबर्ट स्नाइडर जूनियर को यह सजा दी। जज ने हत्याओं को बिना किसी उकसावे के किया गया हमला बताया और इसे 'दुर्लभ से भी दुर्लभ' मामला करार दिया।
दोनों दोषियों को हत्याओं के कुछ दिन बाद ही गिरफ्तार कर लिया गया था और इस साल 28 जुलाई को अदालत ने उन्हें दोषी ठहराया था। दोषियों के वकील ने फैसले के खिलाफ अपील करने की बात कही है।
डैनियल लैंगलोइस ने मॉन्ट्रियल स्थित 'सॉफ्टइमेज' नाम की कंपनी की स्थापना की थी, जो अपनी 3D एनीमेशन तकनीक के लिए जानी जाती है। इसका इस्तेमाल 'जुरासिक पार्क', 'द मैट्रिक्स' और 'टाइटैनिक' जैसी हॉलीवुड फिल्मों में किया गया है। वह और उनकी पार्टनर मार्चंड दक्षिणी डोमिनिका में 'कौलीबरी रिज' नाम के एक इको-रिसॉर्ट के मालिक भी थे। यह जोड़ा कई दिनों से लापता था और 1 दिसंबर 2023 को रिसॉर्ट के पास गैलियन इलाके में एक जली हुई कार के अंदर उनके शव मिले थे।
न्यू जर्सी में जन्मे चॉकलेट निर्माता लेहरर की जमीन रिसॉर्ट के बगल में थी, जबकि मैकेनिक स्नाइडर उनके लिए काम करता था। अदालती दस्तावेजों के मुताबिक, लेहरर और लैंगलोइस के बीच रिसॉर्ट तक जाने वाली एक सड़क को लेकर वर्षों से विवाद चल रहा था, जो लेहरर की जमीन से होकर गुजरती थी। साल 2019 में एक जज ने लेहरर को आदेश दिया था कि वह इस सड़क को आम लोगों के लिए खुला रखे। हालांकि, लेहरर के परिवार के प्रतिनिधियों ने इस बात से इनकार किया है कि सड़क को लेकर चल रहा विवाद इन हत्याओं की वजह था। परिवार की प्रवक्ता सिल्वी डेस्लौरियर्स ने पिछले हफ्ते लैंगलोइस की मां की ओर से एक भावुक बयान जारी करते हुए बताया कि हाल ही में डैनियल की अस्थियां कनाडा वापस लाई गई हैं।
