कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के शीर्ष नेताओं में शामिल आशुतोष रांका ने कहा है कि पार्टी का फिलहाल चुनाव लड़ने का कोई प्लान नहीं है। हस्तक्षेप पॉडकास्ट में उन्होंने कहा कि सीजेपी एक स्वतंत्र समूह और प्रेशर ग्रुप है, जिसका अपना साफ एजेंडा है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों से सुरक्षित दूरी बनाकर रखना जरूरी है, क्योंकि अगर किसी राज्य में कांग्रेस की सरकार आकर कुछ गलत करेगी तो सीजेपी कांग्रेस से भी सवाल करेगी। रांका ने कहा कि अगर आज केंद्र में कांग्रेस की सरकार होती तो सवाल कांग्रेस से भी होता।

रांका ने बताया कि आज की तारीख में भाजपा से सवाल इसलिए पूछे जा रहे हैं, क्योंकि उसकी केंद्र में सरकार है और 21 राज्यों में सरकार है। उन्होंने कहा कि कल को अगर कांग्रेस या आम आदमी पार्टी के साथ ऐसा होगा तो सीजेपी का रुख यही रहेगा। उन्होंने साफ किया कि सीजेपी INDIA अलायंस का हिस्सा नहीं है और न ही चुनाव लड़ रही है। लोकसभा चुनाव में उतरने की संभावना पर उन्होंने कहा कि वे इतना नहीं सोचते और अभी छह महीने से साल भर के दायरे में काम करते हैं।

इस बीच, सीजेपी प्रमुख अभिजीत दीपके ने रविवार को कहा कि गोवा में पहली मीटिंग हुई है, जिसपर अच्छा रिस्पॉन्स मिला है। खबर है कि इस अभियान का नाम चिल्ला केतम गोवा रखा गया है, जिसके तहत पार्टी गोवा में लोगों से सीधे जुड़ने की तैयारी कर रही है। गौरतलब है कि इस तटीय राज्य में 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं। सीजेपी ने SIR और भारत के मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है।