कांग्रेस 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर लखनऊ में 'संविधान रक्षा मार्च' निकालेगी। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे इस मार्च का नेतृत्व करेंगे। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में रविवार को हुई बैठक में प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा 'मोना' ने इस आयोजन को जनभागीदारी वाला कार्यक्रम बनाने की रणनीति पर चर्चा की।

मार्च प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय से शुरू होकर हजरतगंज स्थित भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा तक पहुंचेगा। बैठक में कांग्रेस नेताओं ने अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने तथा प्रचार-प्रसार और सोशल मीडिया के जरिए कार्यक्रम को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया।

मार्च में आम जनता की भागीदारी सुनिश्चित करने और भीड़ प्रबंधन के लिए वरिष्ठ कांग्रेसजनों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। जिला और शहर अध्यक्षों को भी ज्यादा से ज्यादा लोगों की भीड़ जुटाने का लक्ष्य दिया गया है। पार्टी नेताओं से कहा गया कि चूंकि मार्च का नेतृत्व राष्ट्रीय अध्यक्ष करेंगे, इसलिए संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाए। इसके लिए पार्टी के इंटरनेट मीडिया सेल की भी ड्यूटी लगाई गई है।

बैठक में राज्यसभा में उपनेता प्रमोद तिवारी, पूर्व सांसद पीएल पुनिया, सांसद तनुज पुनिया, द्विजेंद्र त्रिपाठी, वीरेंद्र मदान और प्रियंका गुप्ता सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। बताया गया है कि विधानसभा चुनाव को देखते हुए यह मार्च ज्यादा से ज्यादा दलितों को पार्टी के साथ जोड़ने के उद्देश्य से निकाला जा रहा है।