बंगाल की खाड़ी में उठा चक्रवात अकवान शुक्रवार को आंध्र प्रदेश के नरसापुर और ओडिशा के पुरी के बीच तट से टकराएगा। इस दौरान हवा की रफ्तार 90 से 110 किमी प्रति घंटा रह सकती है। तूफान से पहले ओडिशा में 80 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है। राज्य के 6 जिलों में 19 से 21 नवंबर तक स्कूल और आंगनवाड़ी बंद रहेंगे। बचाव कार्यों के लिए 74 रेस्क्यू टीमें तैनात की गई हैं। चक्रवात के प्रभाव से ओडिशा, पश्चिम बंगाल और आंध्र प्रदेश में भारी बारिश जारी है। नेवी और अन्य एजेंसियां राहत और बचाव की तैयारियों में जुटी हैं। मौसम विभाग के अनुसार चक्रवात का असर 10 राज्यों में रहेगा।
गुरुवार को तूफान ने अपना रास्ता बदल लिया। पहले अनुमान था कि अकवान आंध्र प्रदेश तट से टकराएगा, लेकिन अब यह आंध्र और ओडिशा के बीच टकराएगा। पहले तूफान के गुरुवार को ही तट से टकराने की जानकारी दी गई थी, बाद में बताया गया कि यह शुक्रवार को टकराएगा।
आंध्र प्रदेश में चक्रवात का सबसे ज्यादा असर होने की आशंका है। मौसम विभाग के मुताबिक 19 और 20 नवंबर को तटीय इलाकों में भारी से बेहद भारी बारिश हो सकती है और 20 नवंबर को तूफान नेल्लोर और विशाखापट्टनम के बीच तट से टकरा सकता है। इस दौरान हवा की रफ्तार 100 से 110 किमी प्रति घंटा और झोंकों की रफ्तार 120 किमी प्रति घंटा तक हो सकती है। तटीय जिलों में अलर्ट जारी है और NDRF की 13 तथा SDRF की 11 टीमें तैनात हैं। मछुआरों को समुद्र में न जाने और किसानों को फसल सुरक्षित करने की सलाह दी गई है।
ओडिशा में 18 से 21 नवंबर के बीच भारी बारिश का अनुमान है। गंजाम, गजपति, रायगढ़ा, कोरापुट और मलकानगिरी जिलों में असर ज्यादा हो सकता है। निचले इलाकों में पानी भरने और पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा है। सरकार ने 8 जिलों में 2.04 लाख से ज्यादा लोगों की पहचान की है, जिन्हें जरूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जाएगा। राहत केंद्र तैयार किए गए हैं और हरभंगी तथा बदनाला बांधों से पानी छोड़ा जा रहा है। समुद्र में 14 मीटर से ऊंची लहरें उठने की आशंका है।
चक्रवात का असर तमिलनाडु, पुडुचेरी, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल, झारखंड, छत्तीसगढ़, बिहार और मध्य प्रदेश में भी रहेगा। इन राज्यों में 18 से 21 नवंबर के बीच अलग-अलग दिनों में बारिश और तेज हवाओं का अनुमान है। बता दें कि अकवान नाम ईरान ने रखा है, जो ईरान की पौराणिक कथाओं में एक राक्षस का नाम है। इसका जिक्र फारस के महाकाव्य शाहनामा में मिलता है।
