राजधानी दिल्ली के प्रीत विहार इलाके में एक कैफे में 20 वर्षीय युवती से कथित सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार पीड़िता ने मंगलवार सुबह करीब छह बजे प्रीत विहार थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू की गई। अभी तीन और आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक पीड़िता अपने परिवार के साथ मंडावली इलाके में रहती है और कड़कड़डूमा स्थित एक कैफे में काम करती है। आरोपी भी उसी कैफे से जुड़े बताए जा रहे हैं और सभी एक-दूसरे के परिचित हैं। पुलिस ने बताया कि सोमवार रात आठ लोग सल्तनत नाम के एक कैफे में गए थे, जो रात 11 बजकर 30 मिनट पर बंद हो जाता है। एक कर्मचारी के पास कैफे की चाबी थी, जिससे ताला खोलकर देर रात पार्टी की गई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार पार्टी में शामिल लोगों ने कथित तौर पर शराब पी और रात करीब 3 बजकर 30 मिनट पर कैफे से बाहर निकले। इसके बाद युवती ने आरोप लगाया कि दो युवकों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया, जिसमें अन्य साथियों ने उनकी मदद की। पुलिस ने बताया कि मामले में सामूहिक दुष्कर्म का केस दर्ज किया गया है और तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि बाकी आरोपियों की तलाश जारी है।
एफआईआर में चार युवकों और दो महिलाओं के नाम दर्ज बताए जा रहे हैं। पुलिस के मुताबिक सीसीटीवी फुटेज में भी युवती एक वाहन में एक युवक और दो महिलाओं के साथ जाती नजर आ रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
