प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक संस्कृत श्लोक साझा किया है। इस श्लोक के जरिए उन्होंने शिक्षा, तपस्या, ज्ञान और इंद्रियों पर संयम के साथ उत्तम जीवन और मोक्ष का संदेश दिया है।
पीएम मोदी ने एक्स पोस्ट में संस्कृत श्लोक 'विद्याभ्यासस्तपो ज्ञानमिन्द्रियाणां च संयमः। अहिंसा गुरुसेवा च निःश्रेयसकरं परम्॥' साझा किया है। इसका हिंदी भावार्थ है कि विद्या का अभ्यास, तपस्या, ज्ञान, इंद्रियों पर नियंत्रण, अहिंसा और गुरु की सेवा मनुष्यों के लिए परम कल्याणकारी हैं। यानी ये उत्तम जीवन और मोक्ष के साधन माने गए हैं।
यह श्लोक महासुभाषितसङ्ग्रह (संस्कृत सुभाषित संग्रह) में संकलित है। श्लोक में बताया गया है कि निरंतर विद्या का अभ्यास, तपस्या, ज्ञान, इंद्रियों पर संयम, अहिंसा और गुरु की सेवा मनुष्य के परम कल्याण और मोक्ष (निःश्रेयस) के सर्वश्रेष्ठ साधन हैं।
श्लोक में भारतीय संस्कृति और नीतिशास्त्र के उन छह प्रमुख गुणों और साधनों का वर्णन किया गया है जो व्यक्ति को वास्तविक श्रेष्ठता और परम कल्याण की ओर ले जाते हैं। भाव यह है कि केवल बाहरी साधनों या भौतिक सुखों से जीवन का वास्तविक उत्कर्ष नहीं होता, बल्कि अध्ययन, आत्मसंयम, करुणा और सम्मान की भावना से ही व्यक्ति का चरित्र दृढ़ बनता है और वह परम कल्याण को प्राप्त करता है।