दिल्ली के जामा मस्जिद थाने में पुलिसकर्मियों पर चाकू से हमला करने के आरोपी नबील का सोमवार शाम पुलिस ने एनकाउंटर कर दिया। दिल्ली पुलिस ने आरोपी पर 6 गोलियां दागीं। घायल आरोपी को अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस के मुताबिक, पारिवारिक विवाद के मामले में नबील को पूछताछ के लिए जामा मस्जिद थाने लाया गया था। दोपहर करीब 2:30 बजे वह थाने पहुंचा और चाकू छिपाकर लाया था। पूछताछ के दौरान उसने पुलिसकर्मियों के गले और चेहरे पर वार किए और भाग गया। हमले में 9 जवान घायल हुए। थाने में हमले के बाद आरोपी बाइक लेकर फरार हो गया था।
दिल्ली पुलिस की एक टीम ने आरोपी को चितली कबर इलाके में घेर लिया, जहां उसने दोबारा पुलिसकर्मियों पर हमला किया। एनकाउंटर के दौरान पुलिस ने 6 गोलियां चलाईं। आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे पकड़ लिया गया।
हमले में घायल 9 पुलिसकर्मियों में तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्हें इलाज के लिए सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती किया गया है। दिल्ली पुलिस ने बताया कि नबील के खिलाफ 2022 में दरियागंज पुलिस स्टेशन में पहले से एक केस दर्ज है। उसके खिलाफ जामा मस्जिद और चांदनी महल पुलिस स्टेशनों में भी केस दर्ज किया जा रहा है।
