दिल्ली में शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए निजी स्कूलों में नर्सरी, एलकेजी, यूकेजी और पहली कक्षा में दाखिले की प्रक्रिया जल्द शुरू होने वाली है। शिक्षा निदेशालय (DoE) ने दाखिला प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए गाइडलाइंस जारी की हैं। स्कूलों को अपने दाखिला मानक और उनके लिए निर्धारित अंक 26 नवंबर तक शिक्षा निदेशालय की वेबसाइट पर अपलोड करने हैं। तय तारीख तक मानदंड अपलोड न करने वाले स्कूलों की दाखिला प्रक्रिया 30 नवंबर तक रोकी जा सकती है। आवेदन प्रक्रिया एक दिसंबर से शुरू होगी, जिसके लिए अभिभावक ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से आवेदन कर सकेंगे।

दाखिले में इस बार भी सबसे अधिक प्राथमिकता घर से स्कूल की दूरी को मिलेगी। मयूर विहार स्थित विद्या बाल भवन स्कूल ने 100 अंकों का दाखिला फार्मूला तैयार किया है, जिसमें नेबरहुड को सबसे ज्यादा 70 अंक दिए गए हैं। उत्तरी और दक्षिणी दिल्ली के कई स्कूल भी पड़ोस के मानक को 30 से 70 अंक तक देने की तैयारी में हैं। यदि किसी एक मानक के तहत सीटों से अधिक आवेदन आते हैं, तो चयन लॉटरी के जरिए किया जाएगा।

शिक्षा निदेशालय ने स्कूलों को दाखिला मानक तय करने की छूट दी है, लेकिन माता-पिता की शैक्षणिक योग्यता, नौकरी की स्थिति, दोनों के कामकाजी होने, परिवार में पहला बच्चा होने, खानपान की आदत, संयुक्त परिवार, खेल या संगीत की प्रतिभा, स्कूल परिवहन के इस्तेमाल और पहले आओ-पहले पाओ जैसे आधारों पर अंक देने पर रोक लगाई है। बच्चे या अभिभावकों का इंटरव्यू लेने की भी अनुमति नहीं है। इन नियमों के उल्लंघन की निगरानी जिला स्तर पर गठित मॉनिटरिंग सेल करेगी।

दाखिले के लिए आयु सीमा कक्षा के अनुसार तय की गई है। यदि बच्चे की उम्र तय सीमा से एक महीने कम या ज्यादा है, तो स्कूल के प्रिंसिपल को एक महीने तक की छूट देने का अधिकार है, जिसके लिए अभिभावकों को स्कूल में लिखित आवेदन देना होगा। अंकों को लेकर आपत्ति 5 से 11 जनवरी के बीच स्कूल में दर्ज कराई जा सकती है। 12 जनवरी को अंतिम अंक सूची, 20 जनवरी को पहली चयन सूची और 5 फरवरी को दूसरी चयन सूची जारी होगी।