सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि जिस अपराधी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा हो और जिसे पहले भी किसी अपराध में दोषी ठहराया जा चुका हो, उसे केवल जल्द सुनवाई के अधिकार के आधार पर जमानत नहीं दी जा सकती। जस्टिस प्रशांत कुमार मिश्रा और जस्टिस श्री चंद्रशेखर की बेंच ने यह टिप्पणी पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट के उस आदेश को रद्द करते हुए की, जिसमें हत्या के एक मामले के आरोपी को जमानत दी गई थी।

बेंच ने कहा कि जल्द सुनवाई के अधिकार को संविधान के अनुच्छेद 21 का हिस्सा माना जाता है, लेकिन जब आरोपी किसी गंभीर अपराध में शामिल हो, तो उसके अधिकारों के साथ समाज और पीड़ित तथा उसके परिवार के हितों को भी ध्यान में रखना जरूरी है। कोर्ट ने कहा कि जमानत याचिका पर सुनवाई के दौरान हाई कोर्ट को आरोपी की पिछली दोषसिद्धि और अन्य आपराधिक मामलों में उसकी संलिप्तता के बारे में नहीं बताया गया।

सुप्रीम कोर्ट ने 18 नवंबर के अपने आदेश में कहा कि अदालत का कर्तव्य है कि वह त्वरित सुनवाई के अधिकार और सामाजिक हित के बीच संतुलन बनाए रखे, खासकर तब जब कोई व्यक्ति कई अपराधों में शामिल हो और हाई कोर्ट के सामने गलत बयान देकर जमानत हासिल की हो। यह आदेश मृतक के पिता यानी शिकायतकर्ता द्वारा दायर अपील पर सुनवाई करते हुए दिया गया।

बेंच ने गौर किया कि हाई कोर्ट ने इस आधार पर जमानत दी थी कि आरोपी पांच साल से अधिक समय से जेल में था। शिकायतकर्ता ने तर्क दिया कि हाई कोर्ट को आरोपी के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड सहित सभी पहलुओं पर विचार करना चाहिए था, विशेष रूप से यह तथ्य कि उसे हत्या के प्रयास के एक मामले में दोषी ठहराया जा चुका था। सुप्रीम कोर्ट ने पाया कि आरोपी ने हाई कोर्ट में दो जगहों पर कहा था कि वह मौजूदा मामले के अलावा किसी अन्य मामले में शामिल नहीं है, जबकि उसने पिछले मामले में अपनी दोषसिद्धि छिपाई, जिसमें उसे उसी व्यक्ति की जान लेने की कोशिश करने के लिए दोषी ठहराया गया था, जो इस मामले में मृतक है। बेंच ने कहा कि मौजूदा अपराध तब किया गया, जब आरोपी उस मामले में जमानत पर था, जिसमें उसे हत्या के प्रयास का दोषी ठहराया गया था। अपील स्वीकार करते हुए पीठ ने हाई कोर्ट का आदेश रद्द कर दिया और आरोपी को एक सप्ताह के भीतर संबंधित अदालत के समक्ष आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया।