दिल्ली पुलिस की इंटेलिजेंस फ्यूजन एंड स्ट्रैटेजिक ऑपरेशंस (आईएफएसओ) यूनिट ने साइबर अपराधियों को म्यूल बैंक खाते मुहैया कराने वाले एक सिंडिकेट का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कई राज्यों में छापेमारी कर इस सिंडिकेट के पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। डीसीपी गौरव त्यागी के अनुसार, साइबर ठगी के इसी साल के एक मामले की जांच के दौरान सूचना मिली थी कि साइबर ठगों को बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले गिरोह के कुछ सदस्य द्वारका इलाके के एक होटल में ठहरे हैं। ये आरोपी मैसर्स एम.आर. ट्रेडर्स के नाम से खुले एचडीएफसी बैंक खाते का इस्तेमाल ठगी की रकम इधर-उधर करने के लिए कर रहे थे। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने होटल में छापेमारी कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

जांच में सामने आया कि आरोपियों के मोबाइल में एसएमएस टूल्स नाम का एक एप मिला, जिसे इस तरह प्रोग्राम किया गया था कि फोन पर आने वाले सभी मैसेज और ओटीपी अपने आप विदेश में बैठे साइबर अपराधियों के पास फॉरवर्ड हो जाते थे। इससे विदेश में बैठे ठग भारत के बैंक खातों को रिमोटली ऑपरेट कर रहे थे। आरोपी आपसी तालमेल के लिए टेलीग्राम का इस्तेमाल कर रहे थे और पुलिस ने ऐसे सात टेलीग्राम चैनलों की पहचान की है, जिनके जरिए म्यूल बैंक खातों की खरीद-बिक्री का धंधा चल रहा था।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम अनीश खान, इंतखाब, अल्ताफ हुसैन, मोहम्मद महफुजर रहमान और इजहार आलम हैं। इनके पास से जब्त मोबाइल फोन से वाट्सएप और टेलीग्राम चैट के अलावा क्रिप्टोकरेंसी के लेनदेन के साक्ष्य मिले हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से एमआर ट्रेडर्स के नाम की चेकबुक, छह मोबाइल और सात टेलीग्राम चैनलों से जुड़े डिजिटल साक्ष्य जब्त किए हैं। एचडीएफसी बैंक के अधिकारियों की त्वरित कार्रवाई से बैंक खाते में मौजूद दो करोड़ रुपये की संदिग्ध रकम को समय रहते फ्रीज करा दिया गया। इस ऑपरेशन से आंध्र प्रदेश में दर्ज साइबर ठगी के दो मामलों का भी पर्दाफाश हुआ है।

यह पूरा ऑपरेशन एसीपी विवेकानंद झा और इंस्पेक्टर सतीश कुमार की टीम ने किया। पुलिस अब नेटवर्क के अन्य सदस्यों, मनी ट्रेल और विदेशी हैंडलर्स की भूमिका की गहराई से जांच कर रही है।