उत्तर-पूर्वी दिल्ली दंगों के आरोपी उमर खालिद और शरजील इमाम की जमानत याचिकाओं पर बुधवार को मुख्य न्यायाधीश (CJI) जस्टिस सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ ने सुनवाई की। इस दौरान CJI ने कहा कि उन्हें शर्मिंदगी महसूस हो रही है, क्योंकि उनके ही एक फैसले पर आज चर्चा हो रही है। जस्टिस सूर्यकांत ने 2021 के 'के.ए. नजीब' मामले में फैसला लिखा था, जिसमें कहा गया था कि UAPA के तहत जमानत की पाबंदियों के बावजूद त्वरित सुनवाई के संवैधानिक अधिकार को प्राथमिकता दी जा सकती है। इसी फैसले की अलग-अलग व्याख्याओं के कारण मामले को बड़ी बेंच के पास भेजने की नौबत आई है।
पीठ ने खालिद और इमाम को कोई अंतरिम राहत नहीं दी और कहा कि अंतरिम जमानत के अनुरोध पर विचार से पहले पुलिस का पक्ष सुना जाएगा। पीठ ने दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी कर जवाब मांगा। कोर्ट ने निर्देश दिया कि तीन जजों की बेंच गठित करने के लिए मामला प्रशासनिक स्तर पर CJI के समक्ष रखा जाए। सुनवाई में खालिद की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल और इमाम की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता सिद्धार्थ दवे ने अंतरिम जमानत का अनुरोध किया, जिस पर पीठ ने कहा, ''आज नहीं।''
दोनों पर दिल्ली दंगों की साजिश रचने से जुड़े UAPA के तहत मामले दर्ज हैं और वे दिल्ली हाई कोर्ट के उस आदेश को चुनौती दे रहे हैं, जिसमें जमानत देने से इनकार किया गया था। हाई कोर्ट ने 30 सितंबर को जमानत याचिकाएं खारिज की थीं। याचिकाओं में दलील दी गई है कि अभियोजन पक्ष संरक्षित गवाहों से पूछताछ करने में विफल रहा है और सुप्रीम कोर्ट द्वारा लगाई गई एक वर्ष की रोक की अवधि समाप्त होने वाली है। कहा गया है कि ऐसे में उन्हें जेल में रखना अनुच्छेद 21 का उल्लंघन होगा। इमाम ने दलील दी कि छह साल और नौ महीने जेल में बिताने के बावजूद अभियोजन पक्ष एक भी गवाह से पूछताछ नहीं कर सका। बता दें कि फरवरी 2020 के दंगों में 53 लोगों की मौत हुई थी और 700 से अधिक लोग घायल हुए थे।
