गाजियाबाद में प्रदूषण कम करने के उद्देश्य से 100 नई इलेक्ट्रिक बसें चलाई जाएंगी। उत्तर प्रदेश के परिवहन आयुक्त ने बुधवार को गाजियाबाद के कलक्ट्रेट में एक बैठक के दौरान यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इससे लोग निजी वाहनों की जगह इलेक्ट्रिक बसों में सफर कर सकेंगे, जिससे प्रदूषण में कमी आएगी। उम्मीद है कि नए साल तक जिले में इलेक्ट्रिक बसों की संख्या 50 से बढ़कर 150 हो जाएगी।

परिवहन आयुक्त ने बताया कि यूपी एनसीआर के आठ जिलों में अब तक दस हजार लोगों ने इलेक्ट्रिक वाहन खरीदने के लिए पंजीकरण कराया है। इन वाहनों के सड़कों पर आने से प्रदूषण कम होने की उम्मीद है। उन्होंने बैठक में मेट्रो ट्रेन के रूट के विस्तार का सुझाव भी दिया और कहा कि इससे जाम की समस्या कम होगी तथा सड़कों पर वाहनों की संख्या घटेगी। यह सुझाव प्रदेश सरकार को बताया जाएगा।

परिवहन आयुक्त आशुतोष निरंजन को गाजियाबाद में वायु प्रदूषण की रोकथाम और वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग के निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करने तथा संबंधित योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। दौरे के दौरान उन्होंने जिले के नौ हॉटस्पॉट में से साहिबाबाद इंडस्ट्रियल एरिया और सिद्धार्थ विहार का निरीक्षण किया और प्रदूषण के कारणों तथा रोकथाम के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली। इसके बाद यातायात व्यवस्था बेहतर करने के लिए आईटीएमएस प्रोजेक्ट की जानकारी के लिए नगर निगम कार्यालय का निरीक्षण किया।

कलक्ट्रेट में संबंधित विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक में परिवहन आयुक्त ने प्रदूषण रोकने के लिए तेजी से काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रदूषण में वाहनों की 40 प्रतिशत हिस्सेदारी है और पुराने वाहन अधिक प्रदूषण फैलाते हैं। सरकार ने डीजल वाहनों के लिए दस साल और पेट्रोल वाहनों के लिए 15 साल की समय सीमा तय की है, तथा उम्र पूरी कर चुके वाहनों को स्क्रैप कराने का नियम है, जिसमें गाजियाबाद में बेहतर कार्य हुआ है। उन्होंने आमजन से इलेक्ट्रिक वाहनों की खरीद को बढ़ावा देने की अपील की। प्रदेश सरकार इलेक्ट्रिक वाहन खरीदने पर रोड टैक्स माफ कर रही है और कंपनियां इलेक्ट्रिक वाहन खरीदने पर लगभग 12 प्रतिशत तक डिस्काउंट दे रही हैं।