पटना हाई कोर्ट ने जनसुराज पार्टी के संस्थापक और बांकीपुर के विधायक प्रशांत किशोर समेत आठ लोगों को कथित दंगा, विधि विरुद्ध जमावड़ा, सरकारी कार्य में बाधा डालने और निषेधाज्ञा उल्लंघन के मामले में फिलहाल अंतरिम राहत देने से इनकार कर दिया है। न्यायाधीश प्रवीण कुमार की एकलपीठ ने ट्रायल कोर्ट द्वारा लिए गए संज्ञान को निरस्त करने की मांग वाली याचिका पर सुनवाई करते हुए यह अंतरिम आदेश पारित करने से इनकार किया और मामले की केस डायरी तलब की है।

प्रशांत किशोर के अलावा मनोज कुमार भारती, विवेक कुमार, नरेंद्र प्रसाद मंडल, किशोर कुमार, अरविंद कुमार सिंह, ललन यादव और त्रिपुरारी कुमार तिवारी ने हाई कोर्ट में याचिका दाखिल कर ट्रायल कोर्ट द्वारा उनके खिलाफ लिए गए संज्ञान को निरस्त करने की मांग की है।

मामला सचिवालय थाना कांड संख्या 154/2025 से संबंधित है, जिसमें 23 जुलाई 2025 को प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पटना के एसीजेएम-द्वितीय की अदालत ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 191(2), 190, 132 और 223 के तहत आरोपों का संज्ञान लिया था।

सुनवाई के दौरान राज्य सरकार की ओर से महाधिवक्ता एसडी संजय ने आरोपों को सही ठहराते हुए याचिकाकर्ताओं को कोई राहत नहीं देने का अनुरोध किया। याचिकाकर्ताओं की ओर से वरीय अधिवक्ता वाईवी गिरि ने पक्ष रखते हुए दलील दी कि बिना समुचित विचार किए उनके खिलाफ यांत्रिक तरीके से झूठा मुकदमा दर्ज किया गया है। हालांकि, हाई कोर्ट ने फिलहाल अंतरिम राहत देने से इनकार करते हुए केस डायरी तलब की है।