सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के ग्रुप-ए मैच में उत्तर प्रदेश ने मिजोरम को 20 गेंदें शेष रहते 6 विकेट से हरा दिया। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में समीर रीजवी ने केवल 46 गेंदों में नाबाद शतक जमाया, जिसके दम पर उत्तर प्रदेश ने 16.4 ओवर में 4 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। रीजवी को उनकी शानदार पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
मिजोरम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 149 रन बनाए। ओपनर मनेंदर सिंह ने 40 गेंदों में सात चौके और एक छक्के की मदद से 56 रन की पारी खेली। उत्तर प्रदेश की ओर से कुलदीप यादव ने सबसे अधिक दो विकेट लिए, जबकि कार्तिक यादव, अभिनंदन सिंह, कार्तिक त्यागी और प्रशांत वीर को एक-एक सफलता मिली।
150 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी उत्तर प्रदेश की शुरुआत बेहद खराब रही और टीम ने केवल 5 रन पर अपने शीर्ष तीन विकेट गंवा दिए। आदर्श सिंह और आर्यन जुयाल खाता भी नहीं खोल सके। इस नाजुक स्थिति में समीर रीजवी ने मोर्चा संभाला और प्रियम गर्ग (18) के साथ चौथे विकेट के लिए 37 रन जोड़े।
इसके बाद रीजवी ने प्रशांत वीर के साथ 110 रन की अविजित साझेदारी करते हुए टीम को जीत दिलाई। रीजवी ने 46 गेंदों में छह चौके और नौ छक्कों की मदद से नाबाद 100 रन बनाए, जबकि प्रशांत वीर ने 23 गेंदों में दो चौकों के सहारे नाबाद 27 रन की पारी खेली। आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेलने वाले रीजवी का यह एसएमएटी में पहला शतक रहा।
