लखनऊ: पूर्व IPS अधिकारी और आजाद अधिकार सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमिताभ ठाकुर ने उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (DGP) को पत्र भेजकर कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया की पत्नी भानवी सिंह के नाम दर्ज तीन लाइसेंसी असलहों की तत्काल बरामदगी और मामले की SIT जांच की मांग की है। उन्होंने पत्र में कहा है कि तीनों असलहों की वास्तविक स्थिति और अभिरक्षा का लंबे समय तक स्पष्ट न होना गंभीर जनसुरक्षा का विषय है। उन्होंने किसी सीनियर पुलिस अधिकारी के नेतृत्व में SIT गठित कर असलहों का पता लगाकर उन्हें विधिसम्मत तरीके से बरामद कर सुरक्षित जमा कराने की मांग की है। साथ ही 2023 में भानवी सिंह की ओर से शिकायत किए जाने से अब तक हुई पुलिस कार्रवाई और प्रशासनिक चूक की भी जांच कर दोषियों की जिम्मेदारी तय करने को कहा है।
मामले ने तब तूल पकड़ा, जब प्रतापगढ़ के जिलाधिकारी ने 24 अक्टूबर को भानवी सिंह को नोटिस जारी कर उनके नाम दर्ज तीन लाइसेंसी असलहों में से एक को जमा कराने का प्रमाण प्रस्तुत करने को कहा था। भानवी सिंह का कहना है कि उनके नाम दर्ज एक NPB पिस्टल, एक SBBL बंदूक और एक NPB राइफल उनकी अभिरक्षा में नहीं, बल्कि उनके पति राजा भैया के कब्जे में हैं। अपने पक्ष में वे 21 अप्रैल 2023 को अपने पति को भेजे गए ईमेल का हवाला देती हैं, जिसमें उन्होंने इन असलहों को पुलिस में जमा कराने का अनुरोध किया था।
इसके अलावा भानवी सिंह 18 सितंबर 2023 को प्रतापगढ़ के जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को भेजे गए अपने ईमेल का भी उल्लेख करती हैं, जिसमें उन्होंने प्रशासन से इन असलहों को बरामद कराने की मांग की थी।
