प्रमंडलीय आयुक्त प्रेम सिंह मीणा ने गुरुवार को मुंगेर-मिर्जाचौकी फोरलेन और मोकामा-मुंगेर सड़क परियोजना की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। अपराह्न 4:30 बजे हुई इस बैठक में दोनों परियोजनाओं की प्रगति, भूमि अधिग्रहण, मुआवजा भुगतान तथा निर्माण में आ रही प्रशासनिक और तकनीकी बाधाओं पर चर्चा हुई। आयुक्त ने कहा कि इन परियोजनाओं में अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और अधिकारियों को आपसी समन्वय से लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन करना होगा।

समीक्षा में पैकेज-01, पैकेज-02 और पैकेज-04 का निर्माण कार्य 31 दिसंबर 2026 तक पूरा करने का निर्देश दिया गया, जबकि पैकेज-03 के लिए स्पष्ट समय-सीमा तय करने को कहा गया। बैठक में मुंगेर-लखीसराय क्षेत्र की लगभग 54 किलोमीटर लंबी सड़क परियोजना के तहत भूमि की उपलब्धता और निर्माण की स्थिति की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि बड़हिया के इंग्लिश क्षेत्र में करीब 8 किलोमीटर तथा मुंगेर सीमा के निकट मसूदन क्षेत्र में लगभग 12 किलोमीटर सरकारी भूमि उपलब्ध है, यानी कुल 20 किलोमीटर सरकारी जमीन पर निर्माण तत्काल शुरू किया जा सकता है। आयुक्त ने इस भूमि पर जल्द काम शुरू कराने के लिए औपचारिकताएं पूरी करने का निर्देश दिया।

बैठक में भूमि अधिग्रहण और मुआवजे से जुड़े लंबित मामलों पर भी चर्चा हुई। आयुक्त ने कहा कि जिन रैयतों की जमीन अधिग्रहित की जा रही है, उन्हें नियमानुसार जल्द मुआवजा दिया जाए। भूमि स्वामित्व प्रमाणपत्र और एलपीसी से जुड़ी प्रक्रिया अंचल अधिकारियों के माध्यम से तेजी से पूरी कराई जाए और एलपीसी तथा संबंधित प्रस्ताव मिलते ही भुगतान की प्रक्रिया पूरी कर निर्माण शुरू कराया जाए।

शेखपुरा जिले में बकाश्त भूमि से जुड़े 28 रैयतों का मामला भी सामने आया, जिनमें अधिकांश के भूमि संबंधी दस्तावेज अधूरे हैं। आयुक्त ने अधिकारियों को इन रैयतों से संपर्क कर आवश्यक कागजात शीघ्र प्राप्त करने और नियमानुसार कार्रवाई का निर्देश दिया। उन्होंने सख्त हिदायत दी कि राजस्व कर्मियों की हड़ताल या किसी अन्य कारण से भूमि की जांच, मापी और एलपीसी निर्गत करने की प्रक्रिया बाधित नहीं होनी चाहिए, और इसके लिए वैकल्पिक अमीन तथा सक्षम कर्मियों की प्रतिनियुक्ति कर पर्याप्त मानव संसाधन उपलब्ध कराया जाए।

बैठक में आयुक्त के सचिव विनोद कुमार सिंह, क्षेत्रीय विकास पदाधिकारी अनिल राय, डीडीसी रवि राकेश, अपर समाहर्ता (विधि-व्यवस्था) राकेश रंजन, एनएचएआई के परियोजना निदेशक और एनटीपीसी कहलगांव के उप महाप्रबंधक उपस्थित थे। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मुंगेर, लखीसराय और शेखपुरा के जिलाधिकारी भी बैठक में जुड़े।