नेपाल सरकार ने अगस्त में त्रिशूली-भोटेकोशी नदी में आई विनाशकारी बाढ़ के बाद लापता हुए 213 भारतीय नागरिकों समेत विदेशी नागरिकों को मृत घोषित करने की प्रक्रिया शुरू की है। राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीआरआरएमए) ने लापता लोगों की सूची प्रकाशित की है, जिस पर परिजन दो दिसंबर तक आपत्ति दर्ज करा सकते हैं। सूची को अंतिम रूप दिए जाने के बाद नेपाल सरकार मृत्यु की औपचारिक घोषणा करेगी और भारतीय दूतावास मृत्यु प्रमाण पत्र प्राप्त करने की प्रक्रिया शुरू करेगा।
काठमांडू: नेपाल सरकार ने अगस्त में त्रिशूली-भोटेकोशी नदी में अचानक आई विनाशकारी बाढ़ के बाद लापता हुए 213 भारतीय नागरिकों को मृत घोषित करने की प्रक्रिया शुरू की है। राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीआरआरएमए) ने उन नेपाली और भारतीय नागरिकों की सूची प्रकाशित की है जो 26 अगस्त को आई बाढ़ के बाद लापता हो गए थे।
एनडीआरआरएमए के अनुसार, इस बाढ़ में 19 देशों के कुल 623 विदेशी नागरिक लापता हुए थे। प्राधिकरण ने जारी सूची में कुल 3,915 लोगों के नाम दर्ज किए हैं, जिनमें 3,292 नेपाली नागरिक और 623 विदेशी नागरिक शामिल हैं। लापता विदेशी नागरिकों में 213 भारतीयों के अलावा चीन के 85, अमेरिका के 69, यूक्रेन और मलेशिया के 54-54, ऑस्ट्रेलिया के 33, ब्रिटेन के 32 और कनाडा के 27 नागरिक हैं। इसी तरह रूस के 11, सिंगापुर और दक्षिण कोरिया के नौ-नौ, जर्मनी के आठ, दक्षिण अफ्रीका के छह, फ्रांस के चार, हंगरी, बेल्जियम और कजाकिस्तान के दो-दो तथा बेलारूस का एक नागरिक भी लापता है।
बुधवार को जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में भारतीय दूतावास ने कहा कि यदि लापता बताए जा रहे व्यक्तियों के परिजनों को इस सूची को लेकर कोई आपत्ति है या बदलाव कराना है, तो वे दो दिसंबर से पहले दूतावास से संपर्क कर सकते हैं। दूतावास के मुताबिक, सुझाव और संशोधन प्राप्त करने की प्रक्रिया पूरी होने के बाद नेपाल सरकार सूची को अंतिम रूप देगी और इन लोगों की मृत्यु की औपचारिक घोषणा करेगी। इसके बाद भारतीय दूतावास नेपाल के स्थानीय अधिकारियों से इन लोगों के मृत्यु प्रमाण पत्र प्राप्त करने की प्रक्रिया शुरू करेगा। दूतावास ने बताया कि इस प्रक्रिया के दौरान लापता लोगों के परिजनों से अतिरिक्त जानकारी और दस्तावेज मांगे जा सकते हैं।
संबंधित प्रशासन ने विदेशी नागरिकों से सूची में किसी भी पूछताछ या सुधार के लिए अपनी संबंधित एजेंसी या वाणिज्य दूतावास (कांसुलेट) कार्यालय से संपर्क करने को कहा है। नेपाल-तिब्बत सीमा के पास 26 अगस्त को अचानक आई बाढ़ ने उत्तरी और मध्य नेपाल में भारी तबाही मचाई थी। हिमालयी सीमा क्षेत्र से दक्षिण की ओर बहने वाली भोटेकोशी नदी में बाढ़ का पानी निचले इलाकों की ओर तेजी से बढ़ा और मकानों, वाहनों, सड़कों और पुलों को बहा ले गया। बाढ़ से जलविद्युत परियोजनाओं को भी नुकसान पहुंचा।
