नई दिल्ली। एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 के सेमीफाइनल में श्रीलंका ए के हाथों 8 विकेट की हार के बाद भारत ए के कप्तान तिलक वर्मा ने टीम के प्रदर्शन पर खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि 317 रन का स्कोर बोर्ड पर अच्छा था, लेकिन टीम उसका बचाव नहीं कर सकी।

तिलक वर्मा ने बताया कि उन्होंने खिलाड़ियों से कहा था कि शुरुआती 15 ओवर अहम होंगे और अगर विपक्षी टीम को छह रन प्रति ओवर के आसपास रोका जाए तो यह फायदेमंद रहेगा, क्योंकि बाद में विकेट धीमा हो जाता है। उन्होंने कहा कि योजना बनी थी, लेकिन दुर्भाग्य से उसे मैदान पर लागू नहीं किया जा सका।

पहली पारी के स्कोर और पिच के बारे में कप्तान ने कहा कि टीम को लगा था कि 320 या 330 के आसपास का स्कोर अच्छा रहेगा। पहले 20 ओवरों में गेंद बल्ले पर अच्छी तरह आ रही थी, लेकिन उसके बाद विकेट धीमा हो गया और कुछ गेंदें नीची रह रही थीं। लगातार तीन विकेट गिरने के बाद तनुष और शाहबाज की बल्लेबाजी से 317 का स्कोर ठीक-ठाक बन सका।

श्रीलंका ए की 174 रनों की ओपनिंग साझेदारी पर तिलक वर्मा ने कहा कि इसका श्रेय दोनों सलामी बल्लेबाजों को जाता है, जिन्होंने बहुत अच्छा खेला। उन्होंने स्वीकार किया कि वह सभी गेंदबाजों को आजमा रहे थे, लेकिन उस दिन टीम को कोई मदद नहीं मिल सकी और यह उनके लिए बुरा दिन रहा। कप्तान ने यह भी कहा कि शाहबाज और तनुष जैसे युवा खिलाड़ियों का प्रदर्शन सकारात्मक पक्ष है और टीम गेंदबाजी में कमियों का आत्ममंथन कर मजबूत होकर वापसी करेगी।