भारत में सरकारी एजेंसियों और अदालतों की ओर से गूगल को कंटेंट हटाने के अनुरोधों में तेजी दर्ज हुई है। कंपनी की पारदर्शिता रिपोर्ट के अनुसार, जनवरी-जून 2026 के दौरान ऐसे अनुरोध पिछले छह महीनों की तुलना में 61 प्रतिशत बढ़कर 4,006 हो गए। इन अनुरोधों में कुल 65,091 कंटेंट आइटम पर कार्रवाई की मांग की गई। अनुरोधों के मामले में भारत दुनिया में तीसरे स्थान पर रहा। इस सूची में रूस और दक्षिण कोरिया पहले दो स्थानों पर हैं।

रिपोर्ट के मुताबिक, सबसे ज्यादा 3,399 अनुरोध यूट्यूब पर उपलब्ध सामग्री को हटाने के लिए किए गए। कुल अनुरोधों में 2,870 पुलिस एजेंसियों और 695 अदालतों की ओर से भेजे गए थे। मानहानि कंटेंट हटाने का सबसे प्रमुख कारण रहा, जिसके तहत 2,130 अनुरोध किए गए।

गूगल ने भारतीय कानूनों के उल्लंघन के चलते 19,883 आइटम हटाए, जबकि अपनी नीतियों के तहत 1,415 अन्य आइटम पर कार्रवाई की। वहीं, 19,402 आइटम पर कोई कार्रवाई नहीं की गई।

इस बीच, यूट्यूब की रिपोर्ट के अनुसार, अप्रैल-जून 2026 में भारत में अपलोड किए गए 34.4 लाख वीडियो हटाए गए, जो पिछली तिमाही से 28 प्रतिशत अधिक है। वैश्विक स्तर पर हटाए गए 1.1 करोड़ वीडियो में भारत की हिस्सेदारी करीब 31 प्रतिशत रही। इस मामले में अमेरिका दूसरे स्थान पर रहा।