पश्चिम बंगाल के विकास भवन में स्कूल शिक्षा विभाग ने शिक्षकों और बाहरी व्यक्तियों की आवाजाही पर सख्ती कर दी है। विभाग की प्रशासनिक शाखा की ओर से जारी नई निर्देशिका में कहा गया है कि अधिकारी और कर्मचारी किसी बाहरी व्यक्ति या आवेदक को सरकारी फाइल का नंबर, उसकी आवाजाही अथवा वर्तमान स्थिति की जानकारी सीधे नहीं देंगे। ऐसी जानकारी केवल निर्धारित सरकारी प्रक्रिया के तहत ही उपलब्ध कराई जाएगी। इस कदम को सरकारी दस्तावेजों की गोपनीयता और विभागीय अनुशासन बनाए रखने की पहल बताया गया है।
निर्देशिका के अनुसार, किसी शिकायत या आवेदन की स्थिति जानने के लिए संबंधित अधिकारी से मिलने की प्रक्रिया का पालन करना होगा। इसके लिए पहले सक्षम अधिकारी की अनुमति लेनी होगी। किसी भी आगंतुक या बाहरी व्यक्ति को अनुमति के बिना डीलिंग असिस्टेंट की मेज तक जाने की इजाजत नहीं होगी। सुरक्षा कर्मियों को इस व्यवस्था पर कड़ी निगरानी रखने और विभाग के विभिन्न हिस्सों में बिना अनुमति प्रवेश निषेध के बोर्ड लगाने को कहा गया है। अनुमति न होने पर सुरक्षा कर्मी आगंतुक को प्रवेश द्वार पर ही रोक सकेंगे।
इस फैसले को लेकर शिक्षक संगठनों ने कड़ी नाराजगी जताई है।
