हरियाणा के पूर्व उपमुख्यमंत्री और जजपा नेता दुष्यंत चौटाला ने चीन से खाद आयात किए जाने का आरोप लगाते हुए भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने सरकार के 'आत्मनिर्भर भारत' अभियान पर सवाल उठाया और कहा कि इफको के खाद बैग पर प्रधानमंत्री की तस्वीर तथा आत्मनिर्भर भारत का संदेश छपा है, जबकि उद्गम देश के रूप में चीन का नाम दर्ज है। चौटाला ने पूछा कि जब खाद जैसी अहम कृषि जरूरत के लिए चीन पर निर्भरता बनी हुई है, तो यह कैसा आत्मनिर्भर भारत है।

जजपा नेता ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार पहले चीन से आयात के खिलाफ सख्त रुख अपनाने की बात करती थी, लेकिन अब खाद के लिए चीन से आयात क्यों करना पड़ रहा है। उनके अनुसार, चीन मध्य पूर्व के देशों से गैस खरीदकर खाद बनाता है और भारत को महंगे दाम पर बेचता है। चौटाला ने कहा कि भारत सीधे उन्हीं देशों से व्यापार करके किसानों को सस्ती खाद उपलब्ध करा सकता था।

चौटाला ने कहा कि खाद के लिए चीन पर निर्भरता आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य पर सवाल खड़े करती है। सरकार को बताना चाहिए कि घरेलू उत्पादन और वैकल्पिक आयात व्यवस्था मजबूत करने के बजाय चीन से खाद खरीदने की नौबत क्यों आई।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि किसानों को डीएपी और यूरिया के साथ नैनो यूरिया-डीएपी की बोतल खरीदने के लिए मजबूर किया जा रहा है। चौटाला के मुताबिक, किसानों को न फसलों का उचित मूल्य मिल रहा है और न ही समय पर खाद-बीज उपलब्ध हो रहे हैं।