सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जज वी गोपाला गौड़ा ने भारत निर्वाचन आयोग पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा है कि आयोग ने एक राजनीतिक दल की मदद के लिए कदम उठाए और भारत की संप्रभुता को हाईजैक करने की कोशिश की। उनका यह बयान ऐसे समय आया है जब विपक्षी दल मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर लगातार सवाल उठा रहे हैं।

जस्टिस गौड़ा ने SIR के तरीके पर आपत्ति जताई और इसे बड़ी त्रासदी करार दिया। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग ने SIR के नाम पर देशभर में 13 करोड़ लोगों के नाम वोटर लिस्ट से हटाकर एक राजनीतिक दल की मदद की है। उन्होंने कहा कि वयस्कों को वोट देने का अधिकार संवैधानिक अधिकार है और देश के लोग सर्वोपरि हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि समझदारी से काम लिया जाएगा। उन्होंने 23 सितंबर को एक पत्रकार की खोजी पत्रकारिता में सामने आई बातों का भी जिक्र किया और कहा कि इसके बाद CEC के हलफनामों और बयानों से साफ है कि आयोग ने SIR के कई अहम पहलुओं को गलत तरीके से पेश कर फैसला लिया। उन्होंने यह भी कहा कि SIR का इस्तेमाल राजनीतिक दलों द्वारा फॉर्म 7 बड़ी संख्या में जमा कराकर वोटर डिलीट कराने के लिए नहीं होना चाहिए।

सुप्रीम कोर्ट 9 दिसंबर को SIR प्रक्रिया के दौरान मतदाताओं के नाम हटाने और कथित गड़बड़ी से जुड़े आरोपों पर सुनवाई करेगा। SIR के खिलाफ कई याचिकाएं दाखिल हुई हैं, जिनमें कांग्रेस सांसद राहुल गांधी समेत विपक्ष के कई नेता शामिल हैं। याचिकाकर्ताओं ने मांग की है कि निर्वाचन आयोग के उप निर्वाचन आयुक्त, मुख्य निर्वाचन आयुक्त और दोनों निर्वाचन आयुक्त हलफनामा दायर कर मुद्दों पर जवाब दें। इन मुद्दों में SIR को मंजूरी, मतदाता सूची से कथित तौर पर नाम हटाया जाना और आयोग की ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन में किए गए बदलाव शामिल हैं। पीटीआई के अनुसार, याचिकाकर्ताओं ने ऑनलाइन फॉर्म-6 में बदलाव और ECI NET तथा ERO NET मतदाता सूची डेटाबेस के कामकाज पर भी सवाल उठाए हैं। राहुल गांधी के साथ मल्लिकार्जुन खरगे, सौगत रॉय, अखिलेश यादव, तेजस्वी यादव, संजय राउत, एमए बेबी, डी राजा, महुआ माझी, सुप्रिया सुले, ईटी मोहम्मद बशीर, थोल थिरुमावलवन और सज्जात अहमद किचलू सह-याचिकाकर्ता हैं।

इधर, इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट सामने आने के बाद कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) भी सक्रिय हो गई। पार्टी ने अक्टूबर में दिल्ली में प्रदर्शन का ऐलान किया था, लेकिन बाद में उसके तीनों शीर्ष नेता अभिजीत दीपके, सौरभ दास और आशुतोष रांका हिरासत में ले लिए गए थे। पार्टी ने प्रदर्शन की शुरुआत मुंबई से की थी।