भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) ने बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ अभियोजन की मंजूरी दे दी है। नियामक के अनुसार, कंपनी के पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर के एक नमूने की जांच में तय मानकों का उल्लंघन पाया गया था।
एफएसएसएआई के मुताबिक, कंपनी के परिसर से सामान्य पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर का नियामक नमूना लिया गया था, जो मिनरल वाटर नहीं था। प्रयोगशाला जांच में इस नमूने में ब्रोमेट की मात्रा निर्धारित सीमा के अनुरूप नहीं मिली। खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत नमूने को असुरक्षित घोषित किया गया।
कंपनी की अपील पर नमूना दोबारा जांच के लिए रेफरल फूड लैबोरेटरी भेजा गया, लेकिन वहां भी पानी असुरक्षित पाया गया। इस बार जांच में पॉलीन्यूक्लियर एरोमेटिक हाइड्रोकार्बन (पीएएच) की मौजूदगी सामने आई। दोनों प्रयोगशालाओं की रिपोर्ट के आधार पर एफएसएसएआई ने कंपनी के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी दी है।
गौरतलब है कि अभियोजन की मंजूरी का अर्थ अदालत द्वारा कंपनी को दोषी ठहराया जाना नहीं है। इस साल एफएसएसएआई ने खाद्य कारोबार करने वाली कंपनियों और ई-कॉमर्स कंपनियों के खिलाफ जांच और कार्रवाई तेज की है। नियामक ने एनर्जी ड्रिंक और मादक पेय बनाने वाली कंपनियों पर भी शिकंजा कसा है।