ग्वालियर में एक युवक ने अपनी गर्लफ्रेंड को महंगा आईफोन गिफ्ट करने के लिए मोबाइल दुकान से फोन चुराया। बाजार के लोगों ने उसे पकड़कर पीटा और पुलिस के हवाले कर दिया। चोरी किया गया फोन बरामद कर लिया गया है।
घटना रविवार दोपहर महाराज बाड़ा स्थित टोपी बाजार के एमएस मोबाइल सेंटर की है। एक युवक ग्राहक बनकर दुकान पर पहुंचा और आईफोन दिखाने को कहा। दुकानदार ने उसे सिल्वर रंग का आईफोन दिखाया। इसी दौरान एक अन्य ग्राहक दुकान पर आ गया और दुकानदार उसे मोबाइल दिखाने में व्यस्त हो गया। इसी मौके का फायदा उठाकर युवक काउंटर से आईफोन उठाकर बाहर निकल गया।
कुछ देर बाद दुकानदार की नजर फोन पर पड़ी तो वह गायब था। उसने शोर मचाया और युवक के पीछे दौड़ पड़ा। आवाज सुनकर बाजार में मौजूद लोगों ने भी उसका पीछा किया और उसे पकड़ लिया। तलाशी में चोरी किया गया आईफोन उसके पास से बरामद हो गया।
पकड़े गए युवक की पहचान राहुल यादव के रूप में हुई है। लोगों ने चोरी के आरोप में उसे पीटा और फिर पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को भीड़ से छुड़ाकर थाने ले गई। पूछताछ में युवक ने बताया कि वह अपनी गर्लफ्रेंड को इंप्रेस करने के लिए आईफोन गिफ्ट करना चाहता था। उसके पास मोबाइल खरीदने के लिए पैसे नहीं थे, इसलिए उसने चोरी का रास्ता अपनाया। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
