पूर्वी दिल्ली के गाजीपुर गांव स्थित एमिनेंस बैंक्वेट हाल में बृहस्पतिवार शाम ईटीपी (एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट) की खराब मोटर बदलते समय दो कर्मचारी अचानक टैंक में गिर गए। जांच में सामने आया है कि मोटर ठीक करने के दौरान उन्हें करंट लगा, जिसके चलते दोनों टैंक में जा गिरे। टैंक में डूबने से एक कर्मचारी की मौत हो गई, जबकि दूसरे की हालत गंभीर बनी हुई है।

मूलरूप से एटा के रहने वाले इलेक्ट्रीशियन 35 वर्षीय किशन और 28 वर्षीय रवि गाजीपुर गांव के इसी बैंक्वेट हाल में रहते थे। हादसे के बाद उनके साथी सौरव दोनों को लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने किशन को मृत घोषित कर दिया। रवि का उपचार जारी है। पोस्टमार्टम के बाद किशन का शव स्वजन के सुपर्द कर दिया गया है।

पुलिस के अनुसार रवि की मेडिकल रिपोर्ट में सामने आया है कि गिरने से पहले उसे करंट भी लगा था। ऐसे में आशंका है कि करंट लगने के बाद दोनों टैंक में गिरे और डूबने से किशन की मौत हो गई। पुलिस रवि की हालत बेहतर होने का इंतजार कर रही है, इसके बाद उसके बयान दर्ज किए जाएंगे।

जांच के दौरान बैंक्वेट हाल की लापरवाही भी सामने आई है। बैंक्वेट हाल के किचन में लगे इस ईटीपी के छह फीट गहरे टैंक में तार लटक रहा था और करंट से बचने के लिए कोई इंतजाम नहीं किए गए थे। दोनों कर्मचारियों को लाइफ जैकेट या रस्सी भी नहीं दी गई थी। पुलिस के अनुसार टैंक पर ढक्कन लगा था, जिसे हटाकर दोनों मोटर बदल रहे थे। डीसीपी पूर्वी जिला राजीव कुमार ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है और जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।