तमिलनाडु में अन्नाद्रमुक के महासचिव और पूर्व मुख्यमंत्री इडाप्पडी के पलानीस्वामी ने शनिवार को दावा किया कि टीवीके सरकार अपने आप गिर जाएगी। उन्होंने इसके लिए बढ़ती महंगाई, बिगड़ती कानून-व्यवस्था, औद्योगिक विकास के कुप्रबंधन और मेकेदातु परियोजना पर ठोस कदम न उठाए जाने जैसी समस्याओं को जिम्मेदार ठहराया।

विधानसभा में अविश्वास प्रस्ताव लाए जाने की अटकलों पर पूछे जाने पर पलानीस्वामी ने कहा कि 41 विधायकों वाली अन्नाद्रमुक सरकार को कैसे गिरा सकती है। उन्होंने कहा कि सरकार गिराने की कोशिशों की खबरें मीडिया की अटकलें हैं और अन्नाद्रमुक के पास विधानसभा में पर्याप्त संख्या बल नहीं है। पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार कर्नाटक से राज्य के हिस्से का पानी हासिल करने में विफल रही है।

इस बीच, सुप्रीम कोर्ट ने कर्नाटक को कावेरी नदी का 11 हजार मिलियन क्यूबिक फीट पानी छोड़ने का निर्देश देने की मांग वाली तमिलनाडु सरकार की दो याचिकाएं खारिज कर दी थीं। इसके कुछ ही घंटों बाद द्रमुक अध्यक्ष एमके स्टालिन ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री विजय से परेशान किसानों को बचाने की अपील की और इस मुद्दे पर प्रस्ताव पारित करने तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने के लिए तत्काल सर्वदलीय बैठक बुलाने को कहा।

सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में स्टालिन ने कहा कि पानी की अनुपलब्धता और कम जलस्तर के कारण मेट्टूर बांध से सिंचाई के लिए पानी न छोड़े जाने से खेती पहले ही चौपट हो चुकी है। उन्होंने कहा कि अब पानी की कमी और कर्नाटक द्वारा कावेरी जल का उचित हिस्सा न छोड़े जाने से बाकी फसल भी मुरझा रही है। स्टालिन ने संकट का सामना कर रहे किसानों के प्रति मुख्यमंत्री के रुख पर सवाल उठाया।