रांची के अशोक नगर में नौकरी दिलाने के नाम पर युवाओं से ठगी का मामला सामने आया है। राइडर सिक्योरिटी सर्विस प्राइवेट लिमिटेड ने आरोप लगाया है कि अशोक नगर गेट नंबर 4 के पास 'बेस्ट जॉब' नाम से एक फर्जी कार्यालय चलाया जा रहा है। कंपनी के अनुसार, कार्यालय संचालित करने वाले लोग कंपनी के नाम का फर्जी लेटरपैड और मुहर इस्तेमाल कर युवाओं को नौकरी का झांसा दे रहे हैं। इस संबंध में कंपनी की ओर से पुलिस अधिकारियों को लिखित शिकायत दी गई है, जिसमें जांच और आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है।
शिकायत के मुताबिक, फर्जी कार्यालय के संचालक कंपनी के नाम पर सरकारी और गैर सरकारी विभागों में नौकरी दिलाने का दावा कर युवाओं को कथित ऑफर लेटर थमा रहे हैं और इसके बदले उनसे मोटी रकम वसूल की जा रही है। कंपनी ने आशंका जताई है कि युवाओं से ऑनलाइन माध्यम से भी पैसे लिए जा रहे हैं। आरोप है कि इस फर्जीवाड़े में कंपनी की डिजिटल पहचान, लेटरपैड और नकली मुहर का दुरुपयोग किया जा रहा है।
कंपनी प्रबंधन का कहना है कि इस गतिविधि से उसकी व्यावसायिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंच रहा है। साथ ही आशंका है कि भविष्य में नौकरी के नाम पर होने वाले वित्तीय लेन-देन के लिए कंपनी को गलत तरीके से जिम्मेदार ठहराया जा सकता है। कंपनी ने अपने स्तर पर भी मामले की जांच करने और उससे जुड़े साक्ष्य शिकायत के साथ उपलब्ध कराने की बात कही है।
कंपनी ने पुलिस से अशोक नगर गेट नंबर 4 के पास संचालित बेस्ट जॉब कार्यालय की जांच कराने, फर्जीवाड़े में शामिल लोगों की पहचान करने और कार्यालय को सील करने सहित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
