गोवा में विधानसभा चुनाव से पहले कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने बीजेपी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने कहा कि उनकी पार्टी अब कहीं जाने वाली नहीं है, बल्कि गोवा में ही रहकर प्रेशर ग्रुप के तौर पर काम करेगी और सरकार से सवाल पूछेगी। उन्होंने कहा कि गोवा में विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी अपना घोषणापत्र भी जारी करेगी, हालांकि उन्होंने खुद चुनाव लड़ने की बात से इनकार किया।

दीपके ने कहा कि वह चुनाव लड़ने नहीं, बल्कि युवाओं का साथ देने आए हैं। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता धारा 39ए को खत्म कराना है। उनके मुताबिक, स्थानीय लोगों के विरोध की वजह से यह धारा बीजेपी की दुखती रग बन गई है और सीजेपी ने सीधे इसी मुद्दे को आगे किया है। सीजेपी नेता आशुतोष रांका ने कहा कि वे गोवा में लंबे समय के लिए आए हैं और देश का भविष्य युवा हैं।

गोवा नगर एवं ग्रामीण नियोजन अधिनियम 1974 में 2024 में संशोधन करके धारा 39ए जोड़ी गई थी। इसके तहत बोर्ड की मंजूरी के बाद किसी भी भूखंड का जोन बदला जा सकता है, जिसके लिए जनता से आपत्तियां मांगी जाती हैं और आपत्ति दर्ज कराने के लिए केवल 30 दिन का समय दिया जाता है। स्थानीय लोग इस धारा को हटाने के लिए आंदोलन कर रहे हैं और उनका कहना है कि इससे पर्यावरण को नुकसान पहुंचेगा तथा उद्योगपतियों और रसूखदारों का पक्ष मजबूत होगा।

रांका ने कहा कि देश के एक आंदोलन ने सबको इकट्ठा कर दिया और लोग दिवाली के मौके पर अपने परिवारों के साथ थे, तब एक व्यक्ति के इस्तीफे के लिए एक मंच पर आकर आंदोलन किया गया। उन्होंने कहा कि सीजेपी अब गोवा में लंबे समय के लिए आई है और यहां लंबा खेल चलेगा। उन्होंने कहा कि सीजेपी के सदस्य छोटे ब्रेक पर थे, इसीलिए वे कुछ समय के लिए शांत थे। दीपके ने कहा कि अब सीजेपी अपनी पहचान और जमीन के लिए लड़ाई लड़ेगी और पार्टी के घोषणापत्र में धारा 39 के खिलाफ लड़ाई को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि धारा 39ए से कृषि योग्य और वन की जमीनों को भी निर्माण या शहरी विकास के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है और गोवा की संस्कृति को खत्म करने का प्रयास किया जा रहा है।