गोवा विधानसभा चुनाव से पहले कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने नागरिक घोषणापत्र जारी करने का ऐलान किया है। पार्टी के सह संयोजक आशुतोष रांका ने बताया कि CJP एक मैनिफेस्टो ड्राफ्ट तैयार करेगी और आम लोगों से बात करके उसमें मांगें जोड़ी जाएंगी। यह घोषणापत्र गोवा के लिए होगा और इसका पहला एजेंडा 39A को हटाना होगा।

रांका ने कहा कि पार्टी अगले तीन महीनों तक लोगों के पास जाएगी और घोषणापत्र तैयार करेगी। उन्होंने कहा कि जो भी राजनीतिक पार्टी गोवा में वोट मांगने आएगी, उसे अपने मैनिफेस्टो के हिसाब से नहीं, बल्कि इस घोषणापत्र में लिखी मांगों पर सहमति जतानी होगी। रांका के मुताबिक, गोवा के लोग केवल उस एक पार्टी को वोट देंगे जो इन मांगों को पूरा करने के लिए सहमत होगी। हालांकि, CJP ने चुनाव लड़ने से इनकार किया है। अभिजीत दीपके ने कहा कि वे चुनाव लड़ने नहीं, बल्कि लोगों का साथ देने आए हैं।

रांका ने कहा कि पार्टी का एजेंडा सिर्फ भारत को बचाना नहीं, बल्कि इससे कहीं ज्यादा है। एक महीने चुप रहने की वजह पर उन्होंने कहा कि वे अपना ब्रेक एन्जॉय कर रहे थे और परिवार के साथ समय बिता रहे थे। उन्होंने कहा कि देश का भविष्य युवा तय करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि CJP का प्लैटफॉर्म देशभर के युवाओं ने साथ आकर बनाया है।

पार्टी के संयोजक अभिजीत दीपके ने आरोप लगाया कि सरकार आम लोगों को प्रभावित करने वाले असल मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए धार्मिक विभाजन को बढ़ावा दे रही है। उन्होंने निर्वाचित नेताओं की खरीद-फरोख्त और वोट चोरी की भी आलोचना की। दीपके ने देशभर के नागरिकों से धर्म और जाति की पहचान से ऊपर उठकर रोजमर्रा की जिंदगी को प्रभावित करने वाले मुद्दों पर ध्यान देने की अपील की।