गोड्डा के दिव्यांग छात्र मोहम्मद फैजानुल्लाह ने सेरेब्रल पाल्सी के बावजूद दांतों से पेन पकड़कर झारखंड अधिविद्य परिषद की मैट्रिक परीक्षा 2026 में 93.8 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं। बीते गुरुवार को झारखंड विधानसभा में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उनसे मुलाकात की और उनकी लगन तथा संघर्ष की सराहना की। मुख्यमंत्री ने उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और राज्य सरकार की ओर से हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया। उन्होंने इस सफलता को झारखंड ही नहीं, पूरे देश में समावेशी शिक्षा और दिव्यांग बच्चों की प्रतिभा का प्रेरक उदाहरण बताया।
फैजानुल्लाह को मुख्यमंत्री से मिलाने में समावेशी शिक्षक जितेंद्र कुमार भगत ने प्रयास किए। उनके प्रयास से मंत्री संजय प्रसाद यादव ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कराई। जितेंद्र कुमार भगत के अनुसार, फैजानुल्लाह की सफलता में राज्य सरकार की समावेशी शिक्षा व्यवस्था के तहत चल रही होम बेस्ड एजुकेशन और प्रखंड संसाधन केंद्र की अहम भूमिका रही।
भगत के अनुसार, फैजानुल्लाह एक समय पढ़ाई छोड़ चुके थे और सामान्य तरीके से लिखने में असमर्थ थे। ऐसे में रिसोर्स शिक्षक भगत ने व्यक्तिगत शिक्षण, नियमित अभ्यास और विशेष शिक्षण तकनीकों के जरिए उन्हें दांतों से पेन पकड़कर लिखना सिखाया। करीब चार वर्षों के निरंतर प्रयास, मार्गदर्शन और व्यक्तिगत सहयोग के बाद फैजानुल्लाह मुंह से लिखकर पढ़ाई करने और परीक्षा देने में सक्षम हुए।
उनकी और शिक्षक की यह कहानी बच्चों, शिक्षकों तथा अभिभावकों के लिए प्रेरणा और आशा का स्रोत बनेगी।
