महाराष्ट्र के गोंदिया जिले के एक जंगल में कथित लूट की कोशिश के दौरान 35 वर्षीय महिला की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान वर्षा तुरकर के रूप में हुई है, जो मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के खैरी-नवगांव की रहने वाली थी और पुणे एयरपोर्ट पर एक निजी एयरलाइन के टिकट काउंटर पर काम करती थी। वह दिवाली की छुट्टियों में अपने घर आई हुई थी।

पुलिस को दिए बयान में वर्षा के साथ मौजूद उसके दोस्त नितेश अग्रवाल ने कहा कि दोनों शनिवार शाम करीब 4 बजे तिरोड़ा तहसील के दवनीवाड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत अर्जुनी-बोंडरानी में वैनगंगा नदी के पास सागौन के जंगल में गए थे। इसी दौरान तीन अज्ञात बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और लूटपाट करने की कोशिश की। कथित लूट का विरोध करने पर हमलावरों ने वर्षा के पेट में चाकू घोंप दिया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की जांच शुरू कर दी गई है और पूछताछ के लिए नितेश अग्रवाल को हिरासत में लिया गया है। जांच में पता चला कि वर्षा के गले में पहनी सोने की चेन पूरी तरह सुरक्षित थी, जिससे लूट की कहानी पर संदेह गहरा गया है। अग्रवाल का दावा है कि नकाबपोश लुटेरे करीब 40,000 रुपये कैश और सोने के गहने लेकर फरार हो गए।

पुलिस तीन अज्ञात हमलावरों की कहानी की सच्चाई के साथ-साथ घटना के वक्त मौजूद दोस्त की भूमिका समेत हर पहलू की जांच कर रही है। सबूत जुटाने के लिए मौके पर डॉग स्क्वाड, फॉरेंसिक विशेषज्ञों और फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों की टीमें भेजी गई हैं।