ग्रेटर नोएडा टैक जोन चार में रहने वाले इंजीनियर अंकित से टेलीग्राम पर एक महिला ठग ने दोस्ती कर ई-कॉमर्स निवेश के बहाने 21 लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई है, जिस पर पुलिस जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, अंकित की 20 जुलाई को टेलीग्राम पर नियारा नाम की महिला से दोस्ती हुई। महिला ने अपनी आमदनी के बारे में बताते हुए अंकित को निवेश कर मुनाफा कमाने का सुझाव दिया। इनकार करने पर उसने अन्य लोगों के अनुभव साझा किए। इसके बाद अंकित ने ई-कॉमर्स कंपनी की लौटेबे नाम की वेबसाइट पर पंजीकरण कर अपना ऑनलाइन रीसेलर अकाउंट खोल लिया। शुरुआत में छोटा निवेश करने पर एक-दो दिनों में ही 10 प्रतिशत का मुनाफा हुआ, जिससे उन्हें ठग पर भरोसा हो गया।
पीड़ित ने 21 सितंबर तक 12 बार में कुल 21 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। जब पैसे की जरूरत पड़ी और रकम निकालनी चाही, तो पैसे नहीं निकले। ठग ने और रकम जमा कराने को कहा और रकम न देने पर बात करनी बंद कर दी। इसके बाद पीड़ित ने एनसीआरपी पोर्टल और साइबर क्राइम थाना पुलिस से शिकायत की।
डीसीपी साइबर सुरक्षा शैव्या गोयल ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और ठगी में संलिप्त बैंक खातों की जानकारी की जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि अनजान के कहने पर रकम ट्रांसफर न करें। ठगी होने पर तत्काल एनसीआरपी पोर्टल या साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराएं। शुरुआती दो घंटे में शिकायत करने पर रकम फ्रीज होने के ज्यादा आसार होते हैं।
