असम की राजधानी गुवाहाटी में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक व्यक्ति व्यस्त सड़क के नीचे बने नाले में कई दिनों तक फंसा रहा। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह घटना रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) की इमारत के सामने बने नाले में हुई। यह इलाका काफी व्यस्त रहता है और वाहनों के शोर के बीच नाले से आती मदद की हल्की आवाज फुटपाथ पर गुजर रहे लोगों को सुनाई दी। एक व्यक्ति ने झांककर देखा तो युवक बेहद दयनीय हालत में नाले में पड़ा मिला।
राहगीर ने आसपास के लोगों को मदद के लिए बुलाया। मौके पर भीड़ जमा हो गई और लोगों ने तुरंत रेस्क्यू की व्यवस्था की। कुछ मशक्कत के बाद युवक को नाले से बाहर निकाल लिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने स्थानीय मीडिया से बात करते हुए बताया कि व्यक्ति की हालत देखकर लग रहा था कि वह काफी दिनों से नाले में फंसा हुआ था। बाहर निकाले जाने के बाद वह व्यक्ति वहां से चला गया।
घटना चर्चा में आने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने बताया कि एक युवक के काफी दिनों से नाले में फंसे होने की जानकारी सामने आई थी। फिलहाल उसकी पहचान और फंसने के पीछे की वजह की जानकारी जुटाई जा रही है। स्थानीय लोगों ने सतर्कता दिखाते हुए उसकी जान बचा ली, हालांकि यह सवाल बना हुआ है कि इतनी व्यस्त जगह पर एक व्यक्ति इतने लंबे वक्त तक नाले में कैसे रहा।
