कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) ने रविवार को नए नियमों की अधिसूचना जारी की है। ‘कर्मचारी राज्य बीमा (सामान्य) विनियम, 2026’ के तहत पात्र कर्मचारियों को बीमारी, मातृत्व और काम के दौरान लगी चोट से जुड़े नकद लाभ डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के जरिये सीधे बैंक खाते में मिल सकेंगे। इसके लिए अलग से दावा प्रपत्र भरने की जरूरत नहीं होगी। ये नए नियम 1950 के पुराने नियमों की जगह लेंगे और सामाजिक सुरक्षा संहिता, 2020 के प्रावधानों को प्रभावी बनाएंगे।
नए नियमों के मुताबिक बीमारी और मातृत्व लाभ के दावों का स्वतः निस्तारण तीन शर्तें पूरी होने पर होगा — ईएसआईसी की सूचना प्रणाली से चिकित्सा प्रमाणपत्र बना हो, नियोक्ता ने पोर्टल पर मासिक विवरणी जमा की हो, और कामगार का बैंक खाता व बीमा नंबर आधार से जुड़ा हो। काम के दौरान चोट लगने पर अस्थायी या स्थायी दिव्यांगता और मृत्यु की स्थिति में आश्रितों के लाभ के लिए नियोक्ता की दुर्घटना रिपोर्ट ही दावा मानी जाएगी। पात्र कामगार खुद भी इलेक्ट्रॉनिक या अन्य माध्यम से दावा कर सकेंगे। डीम्ड क्लेम और चोट से जुड़े प्रावधान ईएसआईसी महानिदेशक अशोक कुमार सिंह द्वारा तय तिथि से लागू होंगे।
मातृत्व लाभ के लिए प्रसव की संभावित तिथि से पहले दावा करने की अवधि 50 दिन से बढ़ाकर 56 दिन कर दी गई है, जबकि दो या अधिक जीवित बच्चों वाली महिलाओं के लिए यह 42 दिन होगी। नियोक्ता द्वारा समय पर विवरणी या सत्यापन न करने पर कर्मचारी का लाभ नहीं रोका जाएगा, बल्कि ईएसआईसी खुद नियोक्ता से जानकारी जुटाएगी। तकनीकी या बैंक खाते की समस्या से डीबीटी विफल होने पर कारण दर्ज कर अन्य माध्यम से भुगतान किया जा सकेगा। पूरा दावा मिलने पर सात दिन में बीमारी लाभ और 14 दिन में मातृत्व लाभ की पहली किस्त देनी होगी।
इन सुधारों से करीब चार करोड़ बीमित कामगारों और लगभग 15 करोड़ लाभार्थियों को संबल मिलेगा। 10 या अधिक कर्मचारियों वाले प्रतिष्ठानों पर लागू यह योजना 21 हजार रुपये (दिव्यांगों के लिए 25 हजार रुपये) मासिक वेतन पाने वाले कर्मियों को चिकित्सा, बीमारी, मातृत्व, दिव्यांगता, आश्रित और बेरोजगारी सहित छह सामाजिक सुरक्षा लाभ देती है। अब पंजीकरण से लेकर दावा निपटान तक की सभी प्रशासनिक प्रक्रियाएं पूरी तरह डिजिटल प्रणाली की ओर बढ़ेंगी।
