बस्तर जिले में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) की पहल से किसानों को सीधा लाभ मिला है। बकावंड और दरभा विकासखंड के किसानों को अब अपनी उपज बेचने के लिए मंडी तक नहीं जाना पड़ता, बल्कि उन्हें गांव में ही मंडी दर से ऊंचे दाम मिल रहे हैं।

बिहान के तहत गठित एफपीओ किसान उत्पादक संगठनों—बकावंड की 'लक्ष्य दीप महिला कृषक प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड' और दरभा की 'मांजूर पांखी प्रोड्यूसर कंपनी'—ने उत्पादक समूहों से जुड़े किसानों से 3850 क्विंटल मक्का की सीधी खरीदी की। इस मक्के को स्थानीय व्यापारी 'सोमानी चंदन ट्रेडर्स प्राइवेट लिमिटेड' को बेचा गया।

इस व्यवस्था से किसानों को परिवहन का खर्च नहीं उठाना पड़ता और मंडी में बारी का इंतजार भी नहीं करना पड़ता। बिचौलियों की भूमिका खत्म होने से किसानों को गांव में ही उपज का उचित मूल्य मिल रहा है, जिससे उनकी आय में सीधा इजाफा हुआ है।

एफपीओ अब किसानों को खाद, बीज और कीटनाशक जैसी इनपुट सुविधाएं देने की तैयारी कर रहे हैं। इसके लिए बिहान के माध्यम से कृषि विभाग के अधीन इफको से पीओएस मशीन उपलब्ध कराने की मांग की गई है, ताकि किसानों को समय पर और उचित दर पर खाद-बीज मिल सके। एफपीसी पदाधिकारियों ने कहा कि कंपनी का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र के किसानों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है।