सोने और चांदी की कीमतों में आई नरमी से पीडीडीयू नगर के सराफा बाजार में रौनक लौटी है। शादी-विवाह के लिए आभूषण खरीदने वाले परिवारों को उम्मीद है कि अब उनका बिगड़ा बजट संभल सकेगा। महंगे भाव के कारण अब तक कई ग्राहक दुकानों पर भाव पूछकर खरीदारी टाल रहे थे, तो कुछ लोग जरूरत के हिसाब से ही गहने बनवा रहे थे।

रविवार, 22 नवंबर को पीडीडीयू नगर के सराफा बाजार में रेट बोर्ड पर 24 कैरेट सोने का भाव 12,305 रुपये प्रति ग्राम यानी 1,23,050 रुपये प्रति दस ग्राम दर्ज किया गया। वहीं 22 कैरेट सोना 11,280 रुपये प्रति ग्राम यानी 1,12,800 रुपये और 18 कैरेट सोना 9,229 रुपये प्रति ग्राम यानी 92,290 रुपये प्रति दस ग्राम रहा। चांदी के भाव में भी नरमी देखने को मिली। चांदी की ज्वेलरी 150 रुपये प्रति ग्राम यानी 1.50 लाख रुपये प्रति किलो और 999 शुद्धता वाली चांदी 152 रुपये प्रति ग्राम यानी 1.52 लाख रुपये प्रति किलो रही।

कारोबारियों को उम्मीद है कि भाव में स्थिरता बनी रही तो लग्न की खरीदारी में तेजी आएगी। रत्नदीप ज्वेलर्स, पीडीडीयू नगर के निदेशक मंजीत सिंह ने कहा कि लग्न के समय सोने-चांदी के भाव में आई कमी से ग्राहकों की खरीद क्षमता बढ़ी है और बाजार में मांग निकलने की उम्मीद है। पीडीडीयू नगर की किरण शर्मा ने कहा कि बढ़ते भाव से शादी के लिए आभूषण खरीदने का बजट प्रभावित हो रहा था, अब नरमी से राहत मिली है। वाराणसी की गीता सिंह ने कहा कि लगातार बढ़ते भाव के कारण खरीदारी टालनी पड़ रही थी, अब कमी से बजट में गहने खरीदने की उम्मीद बढ़ी है।

बाजार में कुछ दुकानदार चीन निर्मित पाउडर मिलाकर शून्य से पांच प्रतिशत तक मेकिंग चार्ज का प्रलोभन देकर ग्राहकों को आकर्षित कर रहे थे, लेकिन अब ग्राहकों को इसकी सच्चाई का पता चलने लगा है। ऐसे में आभूषण खरीदते समय केवल कम मेकिंग चार्ज या सस्ते भाव के लालच में न आने और विश्वसनीय दुकानों से ही खरीदारी करने की सलाह दी गई है। ग्राहकों की निगाहें अब बाजार के रुख पर टिकी हैं।