हैदराबाद पुलिस को रविवार को एक ईमेल मिला, जिसमें शहर में बम धमाकों की धमकी दी गई थी। ईमेल लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के नाम से भेजा गया बताया जा रहा है, जिसमें काचीगुडा रेलवे स्टेशन और होटल टूरिस्ट प्लाजा को संभावित टारगेट बताया गया है। मेल में मुंबई आतंकी हमले जैसे हमलों की चेतावनी देते हुए दावा किया गया है कि 300 लोगों की मौत होगी। धमाकों का समय ईमेल में नहीं बताया गया है।

पुलिस के एक अधिकारी के अनुसार, यह ईमेल 21 नवंबर को शहर की पुलिस ईमेल आईडी पर भेजा गया था और प्रथम दृष्टया यह फर्जी प्रतीत होता है। ईमेल में जम्मू-कश्मीर में भारतीय सेना द्वारा लश्कर-ए-तैयबा कमांडर और मोस्ट-वांटेड आतंकवादी लतीफ भट्ट और उसके साथियों को मारे जाने के बदले में हमलों की चेतावनी दी गई है। अधिकारी ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है।

शहर पुलिस ने एक बयान में बताया कि संदिग्ध स्थानों पर विस्फोटक रोधी जांच की गई है और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है। स्पेशल ब्रांच ने सुरक्षा एजेंसियों को शहर भर में रेलवे स्टेशनों, बस टर्मिनलों, होटलों, पूजा की जगहों, भीड़भाड़ वाली पब्लिक जगहों और जरूरी सरकारी जगहों पर निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों को अलर्ट कर दिया गया है और नागरिकों को भी जागरूक किया जा रहा है।

पुलिस ने नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है। बयान के मुताबिक, धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद हैदराबाद पुलिस ने तत्काल एहतियाती सुरक्षा उपाय शुरू कर दिए हैं।