उत्तर प्रदेश सरकार ने 2047 तक ग्रामीण क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास के लिए मेगा प्लान तैयार किया है। विकसित उत्तर प्रदेश के विजन डाक्यूमेंट में तय लक्ष्यों के तहत सभी ग्राम पंचायतें डिजिटल स्मार्ट बनेंगी और गांवों में शहरों जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। योजना में बुनियादी ढांचे का आधुनिकीकरण, मानव क्षमता का विकास, आर्थिक विविधीकरण और पर्यावरण संरक्षण प्रमुख हिस्से हैं। सरकार का लक्ष्य ग्रामीण जीवन को सुविधायुक्त और आकर्षक बनाकर पलायन को पूरी तरह रोकना है।

रोडमैप के तहत स्मार्ट ग्राम मिशन के जरिये सभी ग्राम पंचायतों को डिजिटल रूप से जुड़ी, ऊर्जा सुरक्षित, सेवाओं के लिए तैयार और सुशासित इकाइयों के रूप में विकसित किया जाएगा। पंचायतों में ओएफसी कनेक्टिविटी सुनिश्चित की जाएगी और बिजली क्षेत्र में ऑप्टिकल ग्राउंड वायर का उपयोग होगा। ब्रॉडबैंड की पहुंच बढ़ाने के लिए पीएम-वाणी योजना के तहत सार्वजनिक वाईफाई हॉटस्पॉट बनाए जाएंगे, जबकि दूरदराज के गांवों में सैटेलाइट इंटरनेट सेवा उपलब्ध कराई जाएगी। सौर ऊर्जा को बढ़ावा देकर बुनियादी ढांचा मजबूत किया जाएगा।

ग्राम सचिवालयों को प्रत्येक ग्राम पंचायत का एकल खिड़की प्रशासनिक कार्यालय बनाया जाएगा, जहां सभी नागरिक सेवाएं ऑनलाइन मिलेंगी। इससे लोगों को ब्लॉक, तहसील और जिला मुख्यालय जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। मोबाइल ऐप और कियोस्क के जरिये पंचायत स्तर पर एकीकृत शिकायत निवारण प्रणाली विकसित होगी। पंचायतों में आधार, यूपीआई और माइक्रो एटीएम युक्त डिजिटल सेवा केंद्र स्थापित होंगे, जिनसे नकद निकासी, डीबीटी, बचत और धनराशि भेजने जैसी बैंकिंग सेवाएं मिलेंगी।

डिजिटल सक्षम केंद्रों पर टेलीहेल्थ सेवाएं, ऑनलाइन शिक्षा, कौशल प्रशिक्षण, पुस्तकालय और परीक्षा केंद्र उपलब्ध होंगे, जहां युवा प्रतियोगी परीक्षाएं दे सकेंगे। विशेष क्षमता और रोजगार की संभावनाओं के आधार पर उच्च क्षमता वाले ग्रामीण विकास कॉरिडोर चिह्नित किए जाएंगे और उन्हें परिवहन व लॉजिस्टिक के माध्यम से बाजारों से जोड़ा जाएगा। इन कॉरिडोर के साथ गोदाम, कोल्ड चेन, संग्रह केंद्र और प्रसंस्करण इकाइयां स्थापित करने की योजना है।