राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत शुकतीर्थ स्थित शुकदेव आश्रम पहुंचे, जहां उनका दो दिवसीय प्रवास है। उनके साथ शुकदेव आश्रम के पीठाधीश्वर स्वामी ओमानंद महाराज सहित अन्य लोग मौजूद रहे। शुकतीर्थ में यह प्रवास इस दृष्टि से भी अहम माना जा रहा है कि पिछले 65 वर्षों में यह पहला अवसर है जब किसी अति विशिष्ट व्यक्ति ने यहां रात्रि विश्राम किया है।

शुकतीर्थ को संघ उन केंद्रों में शामिल मानता है जहां आने वाले दस वर्षों में सनातन चेतना और राष्ट्रवाद के जागरण का कार्य होना है। हस्तिनापुर, विदुर कुटी, शाकंभरी देवी मंदिर और शुकतीर्थ को श्रद्धा, भक्ति और आस्था के बड़े केंद्र के रूप में स्थापित करने की योजना पर संघ ने काम शुरू किया है। बताया जाता है कि शुकदेव आश्रम के पीठाधीश्वर स्वामी ओमानंद सरस्वती महाराज की इच्छा थी कि सरसंघचालक भागवत भूमि पर आएं, और उनके प्रयास से यह कार्यक्रम बना।

शुकतीर्थ वह भूमि मानी जाती है जहां महाभारत के अंतिम राजा परीक्षित को शुकदेव मुनि ने पहली बार श्रीमद्भागवत कथा सुनाई थी। यहां देशभर से श्रद्धालु आते हैं, जिनमें लगभग 30 प्रतिशत गुजरात और महाराष्ट्र के बताए जाते हैं। वर्ष 1959 में उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. संपूर्णानंद ने अंतिम बार यहां रात्रि प्रवास किया था।

सरसंघचालक का यह प्रवास कार्तिक पूर्णिमा और गंगा स्नान मेले के अवसर पर हो रहा है। बताया गया है कि शुकतीर्थ में संघ के कार्यक्रमों ने पिछले दस वर्षों में गति पकड़ी है और दिवंगत पद्मश्री दर्शनलाल जैन संघ तथा शुकतीर्थ के संतों के बीच समन्वय के पहले सूत्रधार रहे।